रोनाल्डो ने बनाया विश्व कीर्तिमान

सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल करने वाले फुटबॉलर बने
109 गोल करने वाले ईरान के अली देई को पीछे छोड़ा
नई दिल्ली।
दुनिया के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने नया रिकॉर्ड बनाया है। वे इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वे ईरान के अली देई के 109 गोल से आगे हो गए हैं। उनके इंटरनेशनल गोल 111 हो गए हैं। वर्तमान में खेल रहा कोई भी अन्य इंटरनेशनल फुटबॉलर 100 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया है। 
यह रिकॉर्ड रोनाल्डो ने वर्ल्ड क्वॉलीफायर में आयरलैंड के खिलाफ बनाया है। इस मैच में पुर्तगाल ने आयरलैंड को 2-1 से हराया। आयरलैंड के खिलाफ खेले गए वर्ल्डकप क्वॉलीफायर में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दोनों गोल हेड से किए और मैच में 88 मिनट तक आयरलैंड से पीछे रहने वाली पुर्तगाल टीम को जीत दिलाई। मैच के 45वें मिनट में आयरलैंड के जॉन ईगन ने पहला गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। उसके मैच के 89 वें मिनट में रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए पहला गोल कर स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया। वहीं इंजुरी टाइम में उन्होंने दूसरा गोल कर टीम को 2-1 से जीत दिलाई।
36 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दो महीने पहले यूरो कप 2020 में सबसे अधिक गोल करने के अली देई के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। वे यूरो कप में ओवरऑल सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं। इस मामले में उन्होंने फ्रांस के पूर्व फुटबॉलर माइकल प्लातिनी का रिकॉर्ड तोड़ा था। प्लातिनी के 9 गोल हैं। रोनाल्डो ने 2004 यूरो कप में पुर्तगाल के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने इसी टूर्नामेंट में अपना डेब्यू गोल भी दागा था। तब से लेकर अब तक वे 5 यूरो कप में 14 गोल कर चुके हैं।
रोनाल्डो ने सबसे ज्यादा इंटनेशनल गोल वर्ल्डकप क्वॉलिफायर में किए हैं। उन्होंने 33 गोल किए हैं। उसके बाद यूरोपियन चैंपियनशिप के क्वॉलिफायर में किए हैं, जिसमें उनके 31 गोल हैं। इनके अलावा इंटरनेशनल फ्रेंडली में 19 गोल, वर्ल्डकप में 7, UFA नेशंस लीग में 5 और कॉन्फेडरेशन कप में रोनाल्डो के नाम 2 गोल हैं। अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी आठवें नंबर पर हैं और रोनाल्डो से 35 गोल पीछे हैं। मेसी अब तक 151 मैचों में 76 गोल कर चुके हैं। भारत के सुनील छेत्री 74 गोल के साथ 12वें नंबर पर हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स