पैरालम्पिक में भारत को एक ही दिन में दो स्वर्ण पदक

सोमवार को टोक्यो में हुई मेडलों की बरसात
नई दिल्ली।
टोक्यो में जारी पैरालम्पिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन बरकरार है। भारतीय दल ने छठे दिन भी विभिन्न खेलों में स्वर्ण समेत कई मेडल अपने नाम किए। सोमवार को एक ही दिन में भारत की झोली में दो स्वर्ण पदक आए। इसके अलावा दो रजत और एक कांस्य पदक भी मिले, जिसके साथ ही देश के पदकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। 
भारत की तरफ से सबसे पहले अवनी लेखरा ने निशानेबाजी में विश्व रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता। इसके बाद चक्का फेंक में योगेश कथुनिया ने रजत पदक जीता। भाला फेंक की अलग-अलग स्पर्धाओं में इसके बाद भारत को सुमित अंतिल के स्वर्ण पदक समेत कुल तीन मेडल मिले। भारत पदक तालिका में अब 26वें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, चीन 119 पदकों (54 गोल्ड, 35 सिल्वर और 30 ब्रॉन्ज) के साथ पहले नंबर पर बरकरार है। दूसरे व तीसरे नंबर पर क्रमशः ग्रेट ब्रिटेन (26 गोल्ड, 20 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज, कुल 68 पदक) और रशियन पैरालंपिक समिति (19 गोल्ड, 11 सिल्वर और 31 ब्रॉन्ज, कुल 61 पदक) हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स