विपाशा लगाएगी स्वर्णिम दांव

रविंदर को रजत पदक से करना पड़ा संतोष
यश-पृथ्वीराज और अनिरुद्ध ने जीते कांस्य
जूनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप
उफा।
युवा भारतीय पहलवान रविंदर (61 किलोग्राम) को जूनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के फाइनल में ईरान के रहमान मौसा अमोयूजादखलिली के हाथों 3-9 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। यश (74 किलोग्राम), पृथ्वी बाबासाहेब पाटिल (92 किलोग्राम) और अनिरूद्ध (125 किलोग्राम) ने कांस्य पदक जीते। अब महिलाओं में बिपाशा स्वर्णिम दांव लगाएगी। 
इससे भारत ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में अपना अभियान छह पदकों के साथ खत्म किया। गौरव बालियान (79 किलोग्राम) और दीपक (97 किलोग्राम) ने मंगलवार को कांस्य पदक जीते थे।  यश ने किर्गिस्तान के स्टांबुल जानयबेक उलु पर 2-5 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 12-6 से जीत हासिल की। उन्होंने पहले अर्मेनिया के अर्मेन मुसिकयां को 9-2 से मात देकर कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाई थी। पाटिल ने प्लेऑफ में रूस के इवान किरिलोव को 2-1 से और अनिरूद्ध ने अजरबैजान के अयदिन अहमदोव को 7-2 से हराया।
महिलाओं में बिपाशा (76 किलोग्राम) ने मंगोलिया की ओडबाग उलजिबात को 9-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान की दिलनाज मुल्किनोवा को 6-3 से हराया। सिमरन (50 किलोग्राम) सेमीफाइनल में अमेरिका की एमिली किंग शिल्सन से तकनीकी श्रेष्ठता से हार गईं। वह कांस्य पदक के लिए नहीं लड़ेंगी। सिमरन ने रोमानिया की जॉर्जियाना लाविनिया एंटुका को तकनीकी कौशल के आधार पर हराया था। इसके बाद अजरबैजान की गुलताकिन शिरिनोवा को क्वार्टर फाइनल में चित कर दिया था। सीतो (55 किलोग्राम), कुसुम (59 किलोग्राम) और आरजू (68 किलोग्राम) को क्वार्टर फाइनल में हार मिली।

रिलेटेड पोस्ट्स