ओडिशा अगले 10 साल तक भारतीय हॉकी को करेगा स्पॉन्सर

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दिखाई पुश्तैनी खेल के प्रति दरियादिली
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
भारतीय हॉकी टीम टोक्यो ओलम्पिक में यादगार प्रदर्शन करने के बाद स्वदेश लौट चुकी है। महिला और पुरूष राष्ट्रीय टीम ने मंगलवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की। इस दौरान कलिंगा स्टेडियम में राज्य के मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी। यही नहीं सीएम पटनायक ने इस मौके पर एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि ओडिशा राज्य अगले 10 साल तक भारतीय हॉकी को स्पॉन्सर करता रहेगा।
बता दें कि नवीन पटनायक की पहल पर ओडिशा राज्य भारतीय हॉकी टीम को 2018 से स्पॉन्सर कर रही है। भारतीय टीम को फिर से खड़ा करने में नवीन पटनायक का बड़ा और अहम योगदान रहा है। बात करें आज के दिन की तो भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीमों का भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान वहां प्रदेश के खेलमंत्री टी.के. बहेड़ा और भारतीय पुरूष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की भी मौजूद रहे।
ओलम्पिक नायकों का स्वागत करने के लिए पूरे शहर में पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए गए थे। शंखनाद, फूलमालाओं और टीका लगाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इसके अलावा ओडिशा के पारंपरिक और लोक नृत्य समूहों ने कार्यक्रम पेश किए। पुरूष टीम ने टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद भारत के लिए पदक जीता। वहीं महिला टीम पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंची।

रिलेटेड पोस्ट्स