लाल किले की प्राचीर पर फहरा तिरंगा, बजीं खिलाड़ियों की तालियां

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल की सभी कर रहे सराहना
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारत के ओलम्पिक दल की सराहना करते हुए कहा कि हाल ही में सम्पन्न टोक्यो खेलों में उनके प्रदर्शन ने देश के युवाओं को प्रोत्साहित किया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लाल किले पर ओलम्पिक खिलाड़ी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले पर मौजूद लोगों के साथ, टोक्यो में हाल ही में आयोजित ओलम्पिक खेलों में भाग लेने वाले दल के लिए तालियां बजाईं। भाषण के समापन के बाद उन्होंने ओलम्पिक एथलीटों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'टोक्यो ओलम्पिक में जिन एथलीटों ने हमें गौरवान्वित किया है, वे आज यहां हमारे बीच हैं। मैं देश से आज उनकी उपलब्धि की सराहना करने का आग्रह करता हूं। उन्होंने न केवल हमारा दिल जीता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने का बड़ा काम किया है।'
बता दें कि लाल किले पर 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान टोक्यो ओलम्पिक में पदक जीतने वाले जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा, वेटलिफ्टर मीराबाई चानू, शटलर पीवी सिंधू समेत 32 खिलाड़ी और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के दो अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र को पारम्परिक संबोधन दिया।
समारोह से पहले, नीरज चोपड़ा ने कहा कि यह उनके लिए एक नया अनुभव है क्योंकि वह टीवी पर समारोह देखा करते थे और अब वह व्यक्तिगत रूप से इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा, 'पहले हम टीवी पर झंडारोहण समारोह देखते थे और अब हम व्यक्तिगत रूप से वहां जा रहे हैं। यह एक नया अनुभव है। हमने इतने लम्बे समय तक व्यक्तिगत खेलों में स्वर्ण पदक नहीं जीता था। मुझे अच्छा लगा कि देश को मेरी वजह से गर्व महसूस हुआ।
प्राचीर के सामने ज्ञान पथ की शोभा बढ़ाने के लिए लगभग 240 ओलम्पियन, सहयोगी स्टाफ और साई और खेल महासंघ के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया था। टोक्यो ओलम्पिक में भारत ने कुल सात पदक- एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले शनिवार को भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में टोक्यो ओलम्पिक 2020 के भारतीय दल की चाय पर मेजबानी की। इस अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी मौजूद रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स