आईओए ने टोक्यो मेडलिस्ट को दिए नकद पुरस्कार

खेल मंत्री ने टॉप्स का विस्तार करने का दिया भरोसा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय ओलम्पिक संघ ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान टोक्यो ओलम्पिक के पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा समेत अन्य मेडलिस्ट को नकद पुरस्कार सौंपे। खेल मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान टारगेट ओलम्पिक पोडियम योजना (टॉप्स) का विस्तार करने की बात कही।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से प्रेरित होकर सरकार 2024 और 2028 खेलों को ध्यान में रखते हुए टॉप्स के आकार और दायरे का विस्तार करेगी। आईओए के सम्मान समारोह में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा को 75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार सौंपा गया। वहीं रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया और भारोत्तोलक मीराबाई चानू को टोक्यो में रजत पदक हासिल करने पर 50-50 लाख रुपये के पुरस्कार दिए गए। जबकि कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और पहलवान बजरंग पूनिया को 25-25 लाख रुपये दिए गए। 
इस मौके पर कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम के प्रत्येक सदस्य को भी 10-10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। यह पहली बार है जब आईओए ओलम्पिक पदक विजेताओं को नकद प्रोत्साहन दे रहा है। ठाकुर ने इस कार्यक्रम में कहा, ‘मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम टॉप्स का विस्तार करने जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इसका फायदा हो सके। हम उम्मीद करते हैं कि जब 2024 ओलम्पिक के बाद ऐसा समारोह आयोजित किया जाए तो यहां (हॉल) कोई जगह खाली न हो।’ कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि टोक्यो गए सभी 128 ओलम्पियनों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इस समारोह में टोक्यो ओलम्पिक के सभी पदक विजेता मौजूद थे।

रिलेटेड पोस्ट्स