दर्शकों के बगैर होंगे पैरालम्पिक खेल

आयोजकों ने जताई सहमति
24 अगस्त से पांच सितम्बर तक होंगे खेल
टोक्यो।
कोरोना महामारी के बढ़ते मामले को देखते हुए टोक्यो पैरालम्पिक खेलों का आयोजन दर्शकों के बगैर होगा। इस बात की जानकारी शुक्रवार को स्थानीय मीडिया ने दी। 24 अगस्त से शुरू होने वाले इस इवेंट में दर्शकों की संख्या नाममात्र होगी। 
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, आयोजकों ने गुरुवार देर रात इस मसले पर अपनी सहमति जताई। इसके मुताबिक, मध्य जापान के शिज़ुओका में पैरालम्पिक वेन्यू पर दर्शकों की संख्या 5000 से भी कम होगी। बता दें कि जापान की राजधानी में कोरोना आपातकाल लागू ही है। 
24 अगस्त से पांच सितम्बर तक चलने वाले पैरालंपिक खेलों की नौ स्पर्धाओं में भारत हिस्सा लेगा। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और भारतीय पैरालंपिक समिति ने गुरुवार को आगामी टोक्यो पैरालंपिक खेलों के लिए 54 सदस्यीय भारतीय टीम को औपचारिक विदाई दी। 
टीम में देवेंद्र झाझरिया (एफ-46 भाला फेंक), मरियप्पन थांगवेलू (टी-63 ऊंची कूद) और विश्व चैम्पियन संदीप चौधरी (एफ-64 भाला फेंक) जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो पदक के दावेदारों में शुमार हैं। बता दें कि देश को इस बार पैरालंपिक खेलों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद है।

रिलेटेड पोस्ट्स