देश के जांबाज खिलाड़ियों का जोशीला स्वागत

खिलाड़ी बोले- सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहेंगे
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सोमवार (9 अगस्त) को दिल्ली के अशोका होटल में सम्मानित किया गया। खेल मंत्री ने उन्हें स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सभी पदक विजेताओं को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक और कानून मंत्री व पूर्व खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने सम्मानित किया। 
इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने अपनी अपनी बात रखी वहीं, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपने विचार साझा किए। सम्मान पाने के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा, ये मेरा नहीं, पूरे देश का मेडल है। जब से मेडल जीता हूं, जेब में रखकर घूम रहा हूं। मेरी जिंदगी का ये सबसे बड़ा मौका था। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि अपना 100 फीसदी दो और घबराओ नहीं।  
लवलीना ने कहा, 'मैं घर वापस आकर बहुत खुश हूं। मुझे पता था कि भारत में लोग बहुत खुश होंगे लेकिन यहां वापस आने के बाद पहली बार इतना प्यार पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैं इस तरह के और पदकों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी।' बजरंग ने कहा, 'मैंने केवल अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।'
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा, 'यह बहुत अच्छा लगता है, मैं सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) को हमारे पृथकवास के दौरान मदद करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने हमें पूरा सहयोग दिया।'
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, 'सभी देशवासियों को पदक विजेताओं पर गर्व है। अगले ओलम्पिक में और बेहतर प्रदर्शन होगा। सरकार की ओर से कोई कमी नहीं आएगी। हम अपने खिलाड़ियों का समर्थन करना जारी रखेंगे और हम भारत को एक खेल महाशक्ति बनाने का प्रयास करेंगे।' वहीं, रिजिजू ने कहा, 'यह सिर्फ शुरुआत है क्योंकि खेल में भारत का पुनरुत्थान अब दिखाई दे रहा है और मुझे विश्वास है कि 2028 के ओलम्पिक तक भारत इसमें एक ताकत बन जाएगा।'
भारत ने इस ओलम्पिक में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारतीय दल ने एक स्वर्ण पदक समेत कुल सात पदक अपने नाम किए। इसमें नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में स्वर्ण, वेटलिफ्टिंग में मीराबाई तो कुश्ती में रवि कुमार दहिया ने रजत पदक जीता। इनके अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, पहलवान बजरंग पूनिया और पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किए। भारतीय पदक विजेताओं का भव्य स्वागत किया गया।

रिलेटेड पोस्ट्स