टोक्यो में तिरंगा लहराने वाले खिलाड़ियों के स्वागत की जोरदार तैयारी

भारत ने इस ओलम्पिक में जीते सात पदक, लंदन पीछे छोड़ा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में ऐतिहासिक और यादगार प्रदर्शन करने के बाद आज भारतीय एथलीट स्वदेश लौटेंगे। टोक्यो से वतन लौटने वालों में गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया और पुरुष हॉकी टीम के अलावा कई अन्य खिलाड़ी भी होंगे। भारत लौटने पर सभी खिलाड़ियों को दिल्ली स्थित अशोका होटल में एक कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए खिलाड़ियों से रूबरू होंगे। 
स्पोर्ट्स अथॉरिटी आफ इंडिया (साई) की तरफ से पहले मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन होना था लेकिन खराब मौसम की वजह से अब इसे अशोका होटल में आयोजित किया जाएगा। ये कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ कई पूर्व ओलम्पिक खिलाड़ी और भारत सरकार के अधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी खिलाड़ी आज शाम 4.30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 
गौरतलब है कि अन्य कई पदक विजेता और भारतीय एथलीट पहले ही स्वदेश लौट चुके हैं। लेकिन मीराबाई चानू, पीवी सिंधू, रवि दहिया और लवलीना बारगोहेन ये सब भी आज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 
भारत ने इस बार के ओलम्पिक में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारतीय दल ने एक स्वर्ण पदक समेत कुल सात पदक जीते। इसमें नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में स्वर्ण, वेटलिफ्टिंग में मीराबाई तो कुश्ती में रवि दहिया ने रजत पदक जीता। इनके अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, पहलवान बजरंग पूनिया और पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक 2-3 कारणों से ऐतिहासिक है। हमारे 127 खिलाड़ियों का दल इसमें भाग लिया, ये रिकॉर्ड है। हमने गोल्ड मेडल सहित सबसे ज्यादा सात मेडल जीते। आज सभी खिलाड़ियों का दमदार स्वागत होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स