लगातार तीन पराजयों के बाद बदली महिला हॉकी की तकदीर

जानें ओलम्पिक के सफर में कैसे पलटी बाजी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलम्पिक में इतिहास रच दिया। क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से मात दी। भारत की तरफ से एकमात्र गोल गुरजीत कौर ने खेल के 22वें मिनट में किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी सेमीफाइनल में पहुंच गई। ओलम्पिक इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब भारत की महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची। अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा। 
टीम इंडिया के लिए यह जीत बेहद खास है क्योंकि भारतीय महिला हॉकी टीम की शुरुआत टोक्यो ओलम्पिक में ठीक नहीं हुई और उसे तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। लेकिन रानी रामपाल की अगुवाई वाली टीम ने हार नहीं मानी और शानदार तरीके से एक के बाद एक मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच दिखाया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में 4-3 से जीत दर्ज की। उसके बाद आयरलैंड को 2-0 से हराने के बाद क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में जाने के लिए क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया से हुई। इस मुकाबले में भारत की महिला हॉकी टीम ने कंगारू टीम को 1-0 से पछाड़कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। 
भारतीय महिला हॉकी टीम की टोक्यो ओलम्पिक में शुरुआत काफी निराशाजनक रही। भारत की महिला हॉकी टीम का पहला मुकाबला नीदरलैंड से था। इस मैच में नीदरलैंड ने भारत पर एकतरफा जीत दर्ज करते हुए 5-1 से शिकस्त दी। इसके बाद महिला टीम का दूसरा मुकाबला जर्मनी से हुआ। जर्मनी ने भारत की महिला हॉकी टीम को 2-0 से पीटा। जबकि ब्रिटेन ने भारत को 4-1 से करारी शिकस्त दी।
लगातार तीन हार के बाद भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी इसकी उम्मीद शायद किसी ने की होगी। टीम इंडिया ने हिम्मत नहीं और अगले तीनों मुकाबलों में जबरदस्त वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इस दौरान टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 4-3, आयरलैंड को 2-0 और ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में कदम रखा। सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम का अर्जेंटीना से मुकाबला होगा। दोनों टीमों के बीच यह सेमीफाइनल मैच चार अगस्त को खेला जाएगा। अर्जेंटीना की टीम ने जर्मनी को क्वार्टर फाइनल में 3-0 से हराया था। 

रिलेटेड पोस्ट्स