भारतीय महिला हॉकी टीम का हैरतअंगेज प्रदर्शन

मास्को के बाद टोक्यो ओलम्पिक के सेमीफाइनल में पहुंची
रानी को टोली ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
सोमवार को टोक्यो ओलम्पिक के 11वें दिन रानी रामपाल की हॉकी टोली ने असम्भव को सम्भव कर दिखाते हुए आस्ट्रेलिया को 1-0 से पराजित कर महिला हॉकी प्रतियोगिता के अंतिम चार में प्रवेश किया। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 1980 के मास्को ओलम्पिक में भी सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। टोक्यो ओलम्पिक में पेनाल्टी से गोल न खाने वाली आस्ट्रेलियाई टीम को भारतीय शेरनियों ने पेनाल्टी कार्नर से ही गोल कर हराया।
टोक्यो ओलम्पिक के 11वें दिन हॉकी में भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को क्वार्टर फाइनल में 1-0 से मात दी। अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा। बीता 10वां दिन भारत के नजरिए से शानदार रहा। शटलर पीवी सिंधु ने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम  रोशन किया तो चार दशक बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम ओलम्पिक के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही। सोमवार को धावक दुती चंद ने निराश किया। वह महिलाओं की 200 मीटर रेस में सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं। निशानेबाजी में ऐश्वर्य प्रताप ने मेडल जीतने की उम्मीद कायम रखी है।
भारतीय धावक दुती चंद टोक्यो ओलम्पिक में महिलाओं की 200 मीटर रेस में भारत की चुनौती पेश की। वह हीट दो में अंतिम स्थान पर रहीं। उन्होंने 200 मीटर दूरी को पूरा करने के लिए 23.85 सेकेंड के साथ सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। जो फाइनल में पहुंचने के लिए काफी नहीं था। 
निशानेबाजी में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने मेडल की उम्मीद बरकरार रखी है। वह पुरुषों के 50 मीटर थ्री पोजिशन के क्वालीफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने नीलिंग में 397 का स्कोर किया। ऐश्वर्य ने पहली सीरीज 99, दूसरी सीरीज में 100 और तीसरी में 98 और चौथी सीरीज में 100 का स्कोर किया। 

रिलेटेड पोस्ट्स