तैराक एम्मा मैककॉन ने रचा इतिहास

चार स्वर्ण समेत सात पदक जीत लहराया बुलंदी का झंडा
टोक्यो।
ऑस्ट्रेलिया की महिला तैराक एम्मा मैककॉन ने टोक्यो ओलम्पिक में इतिहास रच दिया है। उन्होंने तरणताल से सात पदक निकालकर एक कीर्तिमान स्थापित कर दिया। एम्मा ने खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलम्पिक में तैराकी में चार स्वर्ण सहित कुल मिलाकर सात पदक जीते हैं। 
रविवार को उन्होंने 4x100 मेडले रिले में स्वर्ण पदक जीता। यह टोक्यो ओलम्पिक में उनका चौथा गोल्ड मेडल था। एक महिला के तौर पर किसी एक गेम में सात पदक जीतने वाली वह दुनिया की पहली तैराक हैं। इसके अलावा ओलम्पिक में वह दुनिया की दूसरी महिला हैं जिन्होंने सात पदक जीते हैं। उनसे पहले साल 1952 में रूस की जिम्नास्ट मारिया गोरोखोव्स्काया ने ओलम्पिक में सात पदक जीते थे। मैककॉन ने इस उपलब्धि के साथ मारिया के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। 
ब्रिस्बेन की रहने वाली 27 वर्षीया महिला तैराक एम्मा मैककॉन से पहले तीन पुरुष तैराकों ने ओलम्पिक में इस तरह का करिश्मा किया था। जिनमें माइकल फेल्प्स, मार्क स्पिट्ज और मैट बियोन्डी शामिल हैं। इन तीनों तैराकों ने एक ही ओलम्पिक में सात पदक जीते हैं। महिला वर्ग में मैककॉन ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी में 23.81 सेकेंड का समय लेकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले मैककॉन 100 मीटर फ्रीस्टाइल का स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा मैककॉन 4x100 मेडले रिले की ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल थीं जिसने दो बार गत चैम्पियन अमेरिका को हराकर पदक जीता। 

रिलेटेड पोस्ट्स