टोक्यो ओलम्पिक में लैंगिक समानता पर जोर

कई देशों ने पुरुषों से ज्यादा भेजे महिला एथलीट
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक की शुरूआत होने में सिर्फ चार दिनों का वक्त बाकी है। ऐसे में खेलों के महाकुभ ओलम्पिक में भाग लेने के लिए दुनियाभर के खिलाड़ी पहुंच रहे हैं। इस बार टोक्यो ओलम्पिक की थीम 'लिंग संतुलन' को कायम रखना है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए कई देशों ओलम्पिक में भाग लेने के लिए पुरुषों से ज्यादा महिला एथलीट भेज रहे हैं। ग्रेट ब्रिटेन, अमेरिका, चीन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ये ऐसे देश हैं जिनके ओलम्पिक दल में महिला एथलीटों की संख्या पुरुषों से ज्यादा है।
रूस, जो रूसी ओलम्पिक समिति का प्रतिनिधित्व करता है, वह भी पुरुषों की तुलना में अधिक महिलाओं को भेज रहा है। रूस को आरओसी का उपयोग करना होगा क्योंकि इसे विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने 2019 में चार साल के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय खेलों से प्रतिबंधित कर दिया था। चीन टोक्यो ओलंपिक के लिए 431 एथलीटों का दल भेज रहा है। जिसमें 298 महिला और 133 पुरुष एथलीट शामिल हैं। इन खेलों में चीन के महिला एथलीटों की संख्या पुरुषों की संख्या से दोगुनी से भी ज्यादा है। वहीं अमेरिका ने 613 एथलीटों का दल टोक्यो भेज रहा है जिसमें 329 महिला और 284 पुरुष एथलीट शामिल हैं। 
ग्रेट ब्रिटेन, ब्रिटिश ओलंपिक संघ की टीम जो यूनाइटेड किंगडम का प्रतिनिधित्व करती है टोक्यो ओलंपिक के लिए 376 एथलीट टोक्यो भेज रहा है जिनमें 201 महिलाएं शामिल हैं। कनाडा टोक्यो ओलंपिक के लिए 370 एथलीट भेज रहा है जिसमें 225 महिलाएं और 145 पुरुष हैं। इसी तरह ऑस्ट्रेलिया की टीम में भी महिला एथलीटों की संख्या पुरुषों से अधिक है। ऑस्ट्रेलिया 471 एथलीट टोक्यो ओलंपिक भेज रहा है जिसमें 252 महिलाएं और 219 पुरुष शामिल हैं। 
वहीं आरओसी बैनर तले रूस के कुल 329 एथलीट खेलों में भाग ले रहे हैं जिनमें 183 महिलाएं और 146 पुरुष एथलीट शामिल हैं। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी के प्रतिबंध के कारण, प्रतिनिधित्व के मामले में रूस की कुल संख्या अतीत में आयोजित खेलों की तुलना में अपेक्षाकृत कम है। वहीं अगर अमेरिका, चीन, ग्रेट ब्रिटेन और रूस की बात की जाए तो इन देशों का ओलंपिक में हमेशा दबदबा रहा है। जबकि टोक्यो ओलंपिक में भारत 127 एथलीटों का दल भेज रहा है। जिसमें 71 पुरुष और 56 महिलाएं शामिल हैं। जबकि खेलों की मेजबानी करने वाले जापान के ओलंपिक दल में 552 एथलीट शामिल हैं जिनमें 293 पुरुष और 259 महिलाएं हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स