भारतीय निशानेबाजी दल टोक्यो पहुंचा

कोविड टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए
टोक्यो।
भारतीय निशानेबाजी टीम 23 जुलाई से शुरू होने वाले आगामी ओलंपिक खेलों के लिए शनिवार को टोक्यो पहुंची। कोविड टेस्ट के लिए निशानेबाजी दल के नमूने ले लिए गए हैं और परिणाम का इंतजार हो रहा है। इससे पहले शुक्रवार को टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय निशानेबाजी दल क्रोएशिया में ज़ाग्रेब बेस से एम्स्टर्डम पहुंचा था। सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, और अंजुम मौदगिल भारत के निशानेबाजी दल के प्रमुख चेहरे हैं। भारतीय टीम ने नई दिल्ली और क्रोएशिया में आइएसएसएफ विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीता था।
कम हिस्सेदारी के कारण क्रोएशिया में नई दिल्ली की तुलना में पदकों की संख्या कम थी। नई दिल्ली में 52 निशानेबाजों ने प्रतिस्पर्धा की, जबकि क्रोएशिया में केवल 14 भारतीय निशानेबाज ही मैदान में थे। टोक्यो 2020 के लिए भारतीय शूटिंग दल में दीपक कुमार, दिव्यांश सिंह पंवार, संजीव राजपूत, ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर, सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा, अंगद वीर सिंह बाजवा, मैराज अहमद खान, अपूर्वी चंदेला, इलावेनिल वलारिवन, अंजुम मौदगिल तेजस्विनी सावंत, मनु भाकर, यशस्विनी सिंह देसवाल, और राही सरनोबत शामिल हैं।

इस बीच, दीपिका कुमारी और अतनु दास के नेतृत्व में भारतीय तीरंदाजी टीम ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने के लिए टोक्यो के लिए रवाना हो गई है। अतनु दास ने ट्वीट किया, 'टोक्यो के लिए रवाना। यात्रा शुरू हो गई है। यह पहली बार है जब हमें बहुत ही आरामदायक यात्रा करने का मौक मिल रहा है।' उन्होंने इसके साथ स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व खेल मंत्री किरन रिजिजू और पीएमओ इंडिया को शुक्रिया कहा। 
बता दें कि 18 खेलों में भारत के कुल 126 एथलीट हिस्सा लेंगे। यह किसी भी ओलंपिक में भारत की ओर से जाने वाला अब तक का सबसे बड़ा दल है। इस अलावा  देश के खिलाड़ी 18 खेलों के 69 प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। यह पहला अवसर है जब भारत विभिन्न खेलों की अलग-अलग प्रतिस्पर्धा में इतनी बड़ी संख्या में भाग लेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स