मीडिया पर भड़कीं पहलवान विनेश फोगाट

कहा- राजपाल फोगाट हैं मेरे पिता, मां ने पाल पोसकर किया बड़ा
खेलपथ संवाद
हिसार।
भारत की महिला स्टार पहलवान विनेश फोगाट को ओलम्पिक में पदक का दावेदार माना जा रहा है। 2016 में हुए रियो ओलम्पिक में बीच मैच के दौरान चोटिल होने की वजह से प्रतियोगिता से बाहर हुई इस पहलवान का इरादा इस बार पिछली बार की अधूरी कसर पूरी करना है। टोक्यो ओलम्पिक से पहले आत्मविश्वास से भरी इस महिला पहलवान के साथ हाल ही में एक विवाद हो गया, जिसको लेकर विनेश भड़क उठीं।
विवाद सामने आने के बाद इसको लेकर विनेश नाराज नजर आईं और सोशल मीडिया पर इस बात को जाहिर किया। ओलम्पियन पहलवान विनेश फोगाट का मीडियाकर्मियों के नाम किया गया ट्वीट चर्चा का विषय बना हुआ है। पहलवान ने मीडिया से गुजारिश की है कि किसी ओलम्पियन के बारे में कुछ भी प्रकाशित करने से पहले एक बार तथ्य की पड़ताल जरूर कर ले।
विनेश ने मीडिया को बताया है कि जब वह नौ साल की थीं तभी उनके पिता राजपाल फोगाट की मौत हो गई थी। मां ने कठिन परिस्थितियों में उन्हें, उनके भाई और बहन को पाल पोसकर बड़ा किया है। महाबीर फोगाट उनके पिता के बड़े भाई हैं। वे कई बार खुद को उसके पिता के तौर पर प्रोजेक्ट करते हैं। वह अपने पिता की स्मृतियों का बहुत सम्मान करती हैं। यह उनके लिए भावनात्मक रूप से जुड़ा मामला है। गलत जानकारी दिल को आहत करने वाली है। कुछ भी प्रकाशित करने से पहले सच जरूर जान लें।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने जब ओलम्पिक खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए 13 जुलाई को विनेश और महाबीर फोगाट से बात की थी तब कुछ मीडिया हाउस ने महाबीर फोगाट को विनेश का पिता बता दिया था। इसी बात को लेकर विनेश को गुस्सा आ गया।

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स