विश्व ताइक्वांडो ऑनलाइन ओपन चैलेंज में वाराणसी की यश्विनी को आठवां स्थान

विश्व ताइक्वांडो ऑनलाइन पूमसे ग्रैंड प्रिक्स इनामी प्रतियोगिता में खेलने की पात्रता हासिल की

खेलपथ संवाद

वाराणसी। विश्व ताइक्वांडो ऑनलाइन ओपन चैलेंज में वाराणसी की होनहार यश्विनी सिंह ने अपने कौशल से प्रभावित करते हुए आठवां स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन एक जून से 13 जुलाई तक हुआ। विश्व ताइक्वांडो ओपन चैलेंज सीरीज-2 में शानदार प्रदर्शन के चलते यश्विनी सिंह ने इस वर्ष दिसम्बर में आयोजित होने वाली विश्व ताइक्वांडो ऑनलाइन पूमसे ग्रैंड प्रिक्स इनामी प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

संघ के सचिव सत्यवर्धन सिंह ने बताया कि यश्विनी अपने वर्ग में ईरान की खिलाड़ी घोलमलीन से 0.11 के मामूली अंतर से सातवां स्थान प्राप्त करने से वंचित रह गई। इतना ही नहीं इस वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त करने वाली दक्षिण कोरिया की खिलाड़ी का अंक उससे मात्र 0.14 अधिक रहा।  संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष मनीष सिंह व संयुक्त सचिव रजत मिश्र ने यश्विनी व उनके प्रशिक्षक चंद्रभान पटेल को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस प्रतियोगिता में संघ के दो अन्य खिलाड़ी अनंत वर्मा व अंकिता वर्मा ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। यह दोनों खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शीर्ष 32 व शीर्ष 16 खिलाड़ियों में अपना स्थान पक्का करने में सफल रहे।

संघ के सचिव ने बताया कि सभी खिलाड़ियों को संघ द्वारा हरसंभव मदद दी जा रही है। संघ द्वारा खिलाड़ियों का प्रतिभागिता शुल्क वहन किया जा रहा है। फिलवक्त सभी खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय ऑनलाइन ओपन ताइक्वांडो पुमसे, एशिया ओपन ऑनलाइन पुमसे व विश्व ताइक्वांडो ओपन ऑनलाइन पुमसे चैलेंज-3 की पूरी तल्लीनता के साथ तैयारी कर रहे हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स