भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था 17 जुलाई को टोक्यो होगा रवाना

आईओए प्रमुख नरिंदर बत्रा निराश
खेलपथ प्रतिनिधि
चेन्नई।
भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने गुरुवार को बताया कि ओलम्पिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों का पहला दल 17 जुलाई को टोक्यो रवाना होगा। आईओए इससे तीन दिन पहले 14 जुलाई को अपने खिलाड़ियों को टोक्यो भेजना चाहता था लेकिन खेलों के आयोजकों ने उनका आग्रह स्वीकार नहीं किया जिस पर आईओए प्रमुख ने निराशा व्यक्त की।
भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों को टोक्यो पहुंचने पर तीन दिन के अनिवार्य पृथकवास पर रहना होगा। भारतीय दल में 120 से अधिक सदस्य शामिल हैं। टोक्यो आयोजन समिति के क्षेत्रीय प्रबंधक काते योनेयामा को भेजे गये पत्र में बत्रा ने लिखा है कि आवश्यक मंजूरी लंबित होने के कारण आईओए के पास खिलाड़ियों का पहला दल 17 जुलाई को भेजने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है।
उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि 17 जुलाई को रवाना होने वाले दल में कितने सदस्य शामिल होंगे। आईओए प्रमुख ने लिखा, टोक्यो आयोजन समिति से हमें आवश्यक मंजूरी नहीं मिली है, इसलिए हम भारतीय दल को 17 जुलाई को भेजने की तैयारी कर रहे हैं जो 18 जुलाई को टोक्यो पहुंचेगा।  
उन्होंने कहा, ‘‘हम बेहद निराश हैं कि हमारे आग्रह को मंजूर नहीं किया गया। भारत पर लगाये गये सात दिन पहले प्रस्थान करने के चिकित्सा प्रोटोकॉल को देखते हुए हमारे पास 17 जुलाई को रवाना होने और 18 जुलाई को वहां पहुंचने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। ’’ कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए 23 जुलाई से आठ अगस्त के बीच होने वाले टोक्यो ओलम्पिक खेलों का आयोजन दर्शकों के बिना किया जाएगा।
इससे पहले भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के महासचिव राजीव मेहता ने कहा था कि टोक्यो ओलम्पिक के लिए जाने वाले खिलाड़ियों का पहला दल 14 जुलाई को एयर इंडिया की चार्टर्ड उड़ान से रवाना होगा। मेहता ने यह भी बताया था कि दल के बाकी सदस्य 16 से 19 जुलाई के बीच रवाना होंगे। इस दौरान मेहता ने स्वीकार किया था कि कोरोना महामारी ने कुछ हद तक भारतीय एथलीटों की खेलों की तैयारी को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, 'महामारी से प्रभावित होने के बाद भी भारतीय खिलाड़ी इन खेलों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इसमें 118 खिलाड़ियों ने अब तक 18 खेलों में क्वालीफाई किया है, जिसमें तलवारबाजी में पहली बार ऐतिहासिक क्वालीफिकेशन भी है।'
भारत के 10 पैरा निशानेबाजों ने टोक्यो पैरालम्पिक के लिए क्वालीफाई किया
भारत के 10 पैरा निशानेबाजों ने 24 अगस्त से टोक्यो में होने वाले पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है जिनमें दो महिला निशानेबाज भी शामिल हैं। निशानेबाजों का चयन गुरुवार को चयनसमिति की बैठक में किया गया।
भारतीय पैरालम्पिक समिति की विज्ञप्ति में कहा गया है, पहली बार 10 निशानेबाजों ने क्वालीफाईंग मानदंड हासिल किया। तोक्यो पैरालंपिक से पहले तक केवल एक निशानेबाज ही कोटा हासिल कर पाया था लेकिन इस बार निशानेबाजों ने 10 कोटा हासिल किये हैं। इसमें कहा गया है कि मई 2018 से पांच जुलाई 2021 तक विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय चैंपियनशिप और चयन ट्रायल्स में पैरा निशानेबाजों के स्कोर पर गौर किया गया। 

रिलेटेड पोस्ट्स