भारत के चार खिलाड़ी हैं दुनिया में नम्बर वन

तीन हरियाणा और एक झारखंड का, ओलम्पिक में क्या दिलाएंगे मेडल
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में शिरकत करने जा रहे 118 सदस्यीय भारतीय दल में चार खिलाड़ी अपने अपने खेलों में दुनिया में नम्बर एक हैं, इनमें तीन हरियाणा तथा एक झारखंड का है। खास बात यह है कि ओलम्पिक में भारतीय दल में सबसे ज्यादा खिलाड़ी भी हरियाणा से ही हैं। रियो ओलम्पिक में पदक जीतने की शुरुआत हरियाणा की महिला पहलवान साक्षी मलिक ने की थी।
इसी माह की 23 तारीख से टोक्यो ओलम्पिक का आगाज होने जा रहा है। भारतीय दल में सबसे ज्यादा 31 खिलाड़ी हरियाणा से हैं। ऐसे में ओलम्पिक में पदक जीतने की सबसे ज्यादा उम्मीद भी हरियाणा के खिलाड़ियों पर टिकी हुई है। वर्तमान में खिलाड़ियों का रिकार्ड देखा जाए तो कुश्ती, शूटिंग और बाक्सिंग में हरियाणा के खिलाड़ियों ने विश्व कप व अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन किया है। ओलम्पिक में भारत के चार खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनकी विश्व रैंकिंग वन है और इनमें से में तीन हरियाणा से तथा एक झारखंड से है।
52 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा से बॉक्सर अमित पंघाल हैं, जिनकी ओलम्पिक समिति और अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग संघ की तरफ से रैंक-एक है। इसी तरह कुश्ती में 53 किलोग्राम भार वर्ग में महिला पहलवान विनेश फोगाट हैं, जिनकी विश्व कुश्ती रैंक-एक है, इसी तरह शूटिंग में यशस्वनी देशवाल दस मीटर एयर पिस्टल में नंबर-वन रैंक पर काबिज हैं। झारखंड से तीरंदाज दीपिका कुमारी भी व्यक्तिगत स्पर्धा में टोक्यो ओलम्पिक में तीसरी बार भाग ले रही हैं। दीपिका की रैंक भी नंबर-वन है। हालांकि टाप-5 में भी कई भारतीय खिलाड़ी हैं, जिनमें पहलवान बजरंग पूनिया की रैंक-2 है। 
राज्य सरकार के खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के निदेशक आईपीएस पंकज नैन का कहना है कि टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय दल में सबसे ज्यादा खिलाड़ी हरियाणा से हैं। ओलम्पिक में 31 खिलाड़ी प्रदेश से हैं। गर्व की बात है कि तीन खिलाड़ी दुनिया के नम्बर-1 रैंक पर हैं और उनसे तो पदक की पूरी उम्मीद की जा रही है। वैसे अन्य खिलाड़ियों की रैंक भी बेहतरीन है और देश के लिए सबसे ज्यादा पदक भी हरियाणा के खिलाड़ी हासिल करेंगे। हरियाणा की खेल नीति से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिला है। गोल्ड जीतने पर खिलाड़ी को हरियाणा सरकार छह करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि देगी।

रिलेटेड पोस्ट्स