भारतीय तैराक माना पटेल को भी मिला ओलम्पिक का टिकट

100 मीटर बैकस्ट्रोक में भाग लेंगी
नयी दिल्ली।
भारत की 21 वर्षीय महिला तैराक माना पटेल को भी टोक्यो ओलम्पिक का टिकट मिल गया है। भारतीय तैराकी महासंघ (एएफआई) के अनुसार माना की विश्वविद्यालय कोटा से टोक्यो ओलम्पिक में भागीदारी की पुष्टि हो गयी है। 
माना टोक्यो खेलों में 100 मीटर बैकस्ट्रोक में भाग लेगी। वह इन खेलों के लिये क्वालीफाई करने वाली तीसरी भारतीय तैराक है। श्रीहरि नटराज और साजन प्रकाश ने हाल में ओलंपिक क्वालीफिकेशन टाइमिंग (ओक्यूटी) में ‘ए' स्तर हासिल करके क्वालीफाई किया था। विश्वविद्यालय कोटे से किसी एक देश के एक पुरुष और एक महिला प्रतिस्पर्धी को ओलंपिक में भाग लेने का मौका मिलता है बशर्ते उस देश के किसी अन्य तैराक ने उस वर्ग (पुरुष या महिला) में क्वालीफाई नहीं किया हो या ओलम्पिक चयन समय (बी) के आधार पर अंतर्राष्ट्रीय तैराकी महासंघ (फिना) से निमंत्रण हासिल नहीं किया हो। 
माना ने कहा, ‘यह शानदार अहसास है। मैंने साथी तैराकों से ओलंपिक के बारे में सुना है और टेलीविजन पर इन्हें देखा है तथा कई तस्वीरें देखी हैं। लेकिन इस बार वहां होना, दुनिया के सर्वश्रेष्ठ से प्रतिस्पर्धा करना, मैं रोमांचित हूं।'

रिलेटेड पोस्ट्स