जिमनास्ट प्रणति ने हासिल किया ओलम्पिक कोटा

इटली में अभ्यास करेंगी मैरीकॉम
नई दिल्ली।
एशियाई चैम्पियनशिप की वाल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली प्रणति नायक ने टोक्यो ओलम्पिक का कोटा हासिल कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय जिमनास्टिक्स महासंघ (एफआईजी) ने आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की। एशियाई चैम्पियनशिप जिसे मई में होना था, कोरोना के कारण इसे रद्द किया गया था। उसके बाद उन्होंने रीएलोकेशन के आधार पर कोटा हासिल किया।
प्रणति के कोच लखन शर्मा ने कहा, 'हमें सोमवार की शाम जिमनास्टिक्स की अंतरराष्ट्रीय संस्था से इस बारे में पुष्टि मिली कि प्रणति को ओलम्पिक में हिस्सा लेने के लिए महाद्वीपीय कोटा रीएलाट किया गया है क्योंकि उन्होंने 2019 एशियाई चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। जिसके बाद 2020 के कई टूर्नामेंट कोरोना के कारण प्रभावित रहे थे।'
कोलकाता की रहने वाली 26 वर्षीय जिमनास्ट ने मंगोलिया में हुई 2019 एशियाई चैम्पियनशिप की वाल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। भारतीय जिमनास्टिक्स महासंघ (जीएफआई) के अनुसार, चूंकि टोक्यो में मई के अंतिम सप्ताह में होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप को महामारी के कारण रद्द कर दिया गया था, जिसकी वजह से उपयुक्त महाद्वीपीय कोटा केवल एशियाई क्षेत्र के योग्य एथलीट को फिर से आवंटित किया गया।
कोविड-19 महामारी को देखते हुए भारत से टोक्यो की यात्रा पर जाने वालों पर लगाए गए अतिरिक्त प्रतिबंधों को देखते हुए छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मैरीकॉम ने ओलम्पिक में भाग लेने वाली भारतीय मुक्केबाजी टीम के साथ इटली में अभ्यास करने का निर्णय किया है।
मैरीकॉम ने कहा, 'मैंने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। मैं दिल्ली वापस लौटकर कल या परसों तक इटली के लिए रवाना हो जाऊंगी। भारत से यात्रा करने वालों पर क्वारंटाइन के कड़े नियम लागू होंगे। मैं इनसे बचना चाहती हूं। लम्बे समय से इतनी कड़ी मेहनत करने के बाद जोखिम लेने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि कड़े क्वारंटाइन से लय टूट सकती है।' 
मैरीकॉम एक या दो दिन में असीसी के लिए रवाना हो जाएंगी जहां ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाले आठ अन्य मुक्केबाज अभ्यास कर रहे हैं। ये सभी वहीं से टोक्यो के लिए रवाना होंगे। लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम अभी तक पुणे के सेना खेल संस्थान में अभ्यास कर रही थी।
जापान सरकार ने भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों से टोक्यो रवाना होने से एक सप्ताह पहले से प्रतिदिन कोविड-19 का परीक्षण करने और आगमन के बाद तीन दिन तक किसी अन्य देश के नागरिक से संपर्क नहीं करने के लिए कहा है। भारत के अलावा 10 अन्य देशों के लिए ऐसे कड़े नियम बनाए गए हैं लेकिन यह नियम उन खिलाड़ियों और अधिकारियों पर लागू नहीं होगा जो इटली जैसे किसी अन्य देश से सीधे टोक्यो पहुंचेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स