चक्काफेंक खिलाड़ी सीमा पूनिया ने जीता स्वर्ण पदक

कटाया ओलम्पिक का टिकट, अपने चौथे ओलम्पिक में पदक जीतने की करेंगी कोशिश 
खेलपथ संवाद
पटियाला।
भारत की अनुभवी चक्काफेंक खिलाड़ी सीमा पूनिया ने मंगलवार को राष्ट्रीय अंतर राज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 63.70 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने टोक्यो ओलम्पिक का टिकट कटा लिया। 37 वर्ष की पूनिया ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत और 2018 एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। 
सीमा पूनिया ने पटियाला में 63.50 मीटर का ओलम्पिक क्वालीफाइंग मार्क हासिल किया। पूनिया का 2004, 2012, 2016 के बाद यह चौथा ओलम्पिक है। वह इस स्पर्धा में ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी भारतीय महिला हैं। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी कमलप्रीत कौर ने 66.59 मीटर का थ्रो फेंककर सोमवार को क्वालीफाई किया था। पूनिया टोक्यो ओलम्पिक के व्यक्तिगत वर्ग में क्वालीफाई करने वाली भारत की 12वीं एथलीट हैं। वह पिछले सप्ताह बेलारूस में मिंस्क ओपन खेलने के बाद रविवार को यहां पहुंचीं थीं।
हिमा का टोक्यो ओलम्पिक से बाहर रहना लगभग तय 
स्टार फर्राटा धावक हिमा दास का टोक्यो ओलम्पिक से बाहर रहना तय है। शनिवार को वह 100 मीटर की हीट में भाग लेते समय हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गईं। इसके अलावा महिलाओं की चार गुणा सौ मीटर रिले टीम भी क्वालीफाई नहीं कर सकी जिसका वह हिस्सा हैं। हिमा ने 200 मीटर फाइनल के जरिए भी क्वालीफाई करने की कोशिश की लेकिन पांचवें स्थान पर रहीं।

रिलेटेड पोस्ट्स