किरेन रिजिजू को टोक्यो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद

ओलम्पियनों को क्रिकेटरों की तरह लोकप्रिय बनाने के प्रयास हों
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
ठीक एक महीने बाद शुरू होने जा रहे टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय दल से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए खेलमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देश में ओलम्पियनों को क्रिकेटरों की तरह लोकप्रिय बनाने के प्रयास किए जाने चाहिए। 
टोक्यो ओलम्पिक में पदक उम्मीद के बारे में पूछने पर खेलमंत्री ने कहा कि वह कोई कयास नहीं लगाना चाहते लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा। उन्होंने 23 जुलाई से शुरू हो रहे खेलों से एक महीना पूर्व एक ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘क्रिकेट और पांच दशक पहले हॉकी को छोड़कर भारत किसी खेल में महाशक्ति नहीं रहा। हमारा इतना बड़ा देश है और यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है लेकिन ओलम्पिक में अधिक पदक नहीं मिलते।’
उन्होंने कहा, ‘मैं टोक्यो ओलम्पिक की तैयारियों से संतुष्ट हूं और खिलाड़ियों को तैयारी के सर्वश्रेष्ठ अवसर दिए गए हैं। चार साल में सालाना अभ्यास और प्रतिस्पर्धा कैलेंडर (एसीटीसी) के तहत 1100 करोड़ रूपये खर्च किए गए हैं। हम पूरी तैयारी के साथ बड़ा दल भेज रहे हैं और उम्मीद है कि प्रदर्शन भी अब तक का सर्वश्रेष्ठ होगा।’

रिलेटेड पोस्ट्स