ओलम्पिक में रानी रामपाल सम्हालेंगी महिला हॉकी टीम की कमान

सविता और एक्का को बनाया उपकप्तान 
नई दिल्ली।
रानी रामपाल ही टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय टीम की कमान सम्हालेंगी। हालांकि पहली बार भारतीय महिला हॉकी टीम में दो उपकप्तान बनाई गई हैं। अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया और दीप ग्रेस एक्का उपकप्तान होंगी।
भारत ने पिछले सप्ताह 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की थी। तब कप्तान की घोषणा नहीं की थी हालांकि यह लगभग तय था कि रानी ही टीम की अगुवाई करेंगी। रानी ने कहा,‘ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम की अगुवाई करना बहुत बड़ा सम्मान है।
पिछले कुछ वर्षों में कप्तान के रूप में मेरी भूमिका आसान हो गई है क्योंकि मेरी साथी खिलाड़ियों ने सीनियरों के रूप में जिम्मेदारियां साझा की।’ रानी की कप्तानी में भारत ने पिछले कुछ वर्षों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
इनमें एशिया कप 2017 में खिताब, एशियाई खेल 2018 में रजत पदक, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में रजत पदक और एफआईएच सीरीज फाइनल 2019 में जीत शामिल है। मुख्य कोच सोर्ड मारिन ने कहा कि मैं रानी को ओलंपिक खेलों के लिए टीम की कप्तान नियुक्त किए जाने पर बधाई देता हूं।

रिलेटेड पोस्ट्स