राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ तेजिन्दर को टोक्यो ओलम्पिक का टिकट

गोलाफेंक में किया करिश्मा, दुती चंद के हाथ लगी निराशा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
गोला फेंक खिलाड़ी तेजिंदर सिंह तूर ने इंडियन ग्रां प्री चार में सोमवार को राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ टोक्यो ओलम्पिक का टिकट पक्का किया। इस दौरान चार गुणा 100 मीटर की रिले टीम और फर्राटा धाविका दुती चंद ने भी नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किए। 
तूर ने 21.49 मीटर की दूरी के साथ ओलम्पिक क्वालीफिकेशन हासिल किया और अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया। गोला फेंक में ओलम्पिक क्वालीफाई करने के लिए 21.10 मीटर दूरी को मानक रखा गया है। इस खेल का पिछला भारतीय रिकॉर्ड भी तूर के नाम ही था, जिन्होंने 2019 में 20.92 मीटर तक गोला फेंका था।
उधर, महिला रिले टीम नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के बाद भी ओलम्पिक क्वालीफिकेशन मानक को हासिल नहीं कर सकी। हिमा दास, दुती चंद, एस धनलक्ष्मी और अर्चना सुसींद्रन ने 43.37 सेकेंड के साथ भारत 'बी' (48.02 सेकंड) टीम को पछाड़ते हुए दौड़ अपने नाम की। मालदीव (50.74 सेकेंड) की टीम तीसरे स्थान पर रही। इससे पहले यह रिकॉर्ड मर्लिन के जोसेफ, एच एम ज्योति, सरबनी नंदा और दुती की चौकड़ी के नाम था, जिन्होंने 2016 में अल्माटी में 43.42 सेकेंड का समय लिया था। 
टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने के लिए भारतीय टीम को 43.05 सेकेंड से कम समय में रेस पूरी करनी थी। महिलाओं की चक्का फेंक में कमलप्रीत कौर ने अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार करते हुए 66.59 मीटर की दूरी तय की। उनका प्रदर्शन हालांकि राष्ट्रीय रिकॉर्ड की श्रेणी में नहीं आएगा क्योंकि अपने वर्ग में वह इकलौती प्रतिस्पर्धी थी। 
फर्राटा धावक दुती ने महिलाओं के 100 मीटर स्पर्धा में 11.17 सेकेंड के साथ अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया। वह हालांकि ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं जिसके लिए मानक 11.15 सेकेंड था। दुती का पिछला राष्ट्रीय रिकार्ड 11.21 सेकेंड का था।

रिलेटेड पोस्ट्स