भारत ने टोक्यो के लिये चुनी महिला हॉकी टीम

आठ खिलाड़ी करेंगी ओलम्पिक में पदार्पण
बेंगलुरू।
भारत ने 23 जुलाई से आठ अगस्त तक चलने वाले टोक्यो खेलों के लिये 16 सदस्यीय महिला हॉकी टीम चुनी है, जिसमें आठ खिलाड़ी ओलम्पिक में पहली बार पदार्पण करेंगी जबकि इतनी ही अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है और आठ खिलाड़ी 2016 रियो ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी स्टार स्ट्राइकर रानी रामपाल संभालेंगी। ओलम्पिक में पदार्पण करने वाली आठ खिलाड़ी ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर, उदिता, निशा, नेहा, नवनीत कौर, शर्मिला देवी, लालरेमसियामी और सलीमा टेटे हैं। पिछले ओलम्पिक में टीम का हिस्सा रही आठ अनुभवी खिलाड़ियों में कप्तान रानी के अलावा गोलकीपर सविता, दीप ग्रेस एक्का, सुशीला चानू पुखराम्बाम, मोनिका, निक्की प्रधान, नवजोत कौर और वंदना कटारिया शामिल हैं। इन आठ खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 1492 मैचों का अनुभव है। 
टीम में महज एक गोलकीपर सविता, चार डिफेंडर, छह मिडफील्डर और पांच फारवर्ड हैं। भारतीय महिला हॉकी टीम तीसरी बार ओलम्पिक खेलों में शिरकत करेगी और यह लगातार दूसरी बार है। टीम ने 1980 और 2016 में ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई किया था। 
रानी रामपाल, नवजोत व नवनीत जाएंगी ओलम्पिक
शाहाबाद मारकंडा। टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम में शाहाबाद की तीन बेटियां रानी रामपाल, नवजोत कौर व नवनीत कौर शामिल रहेंगी और लगातार दूसरी बार ओलम्पिक जाने वाली टीम की कप्तानी रानी रामपाल करेंगी। ओलम्पिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा हो गई है। कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि इस समय पूरी टीम का ध्यान ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने पर केन्द्रित है और इस चैम्पियनशिप में अच्छे परिणाम देने के लिए टीम की हर खिलाड़ी अभ्यास के दौरान पसीना बहा रही है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स