भारतीय महिला तीरंदाजी टीम पेरिस पहुंची

टोक्यो की टिकट के लिए प्रयास
पेरिस।
दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी की अगुआई में भारतीय महिला तीरंदाजी टीम 20 जून से अपनी अंतिम ओलम्पिक क्वालीफिकेशन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को यहां पहुंची। दीपिका, अंकिता भकत और कोमोलिका बारी की भारतीय तिकड़ी को अगर टोक्यो ओलम्पिक के लिए बचा अंतिम उपलब्ध स्थान हासिल करना है तो शीर्ष तीन में जगह बनानी होगी। 
टोक्यो ओलम्पिक 23 जुलाई से शुरू होंगे। भारतीय तीरंदाजी संघ की सहायक सचिव गुंजन अब्रोल ने कहा, ‘भारतीय तीरंदाज 10 दिन के अनिवार्य पृथकवास से गुजर रहे हैं। ओलम्पिक क्वालीफायर के कारण वे पुरुष टीम से पहले चले गए।' भारतीय पुरुष टीम ने 2019 विश्व चैम्पियनशिप के जरिए ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया था। भारत ने महिला वर्ग में अब तक एक व्यक्तिगत कोटा हासिल किया है जो दीपिका ने बैंकॉक में दो साल पहले महाद्वीपीय क्वालीफायर के दौरान जीता था। गुंजन ने कहा, ‘पुरुष रिकर्व और कंपाउंड टीमें मंगलवार को रवाना होंगी।' क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के एक हफ्ते बाद दोनों टीमें विश्व कप के तीसरे चरण में हिस्सा लेंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स