मुक्केबाज पूजा रानी बहा रही हैं खूब पसीना

ओलम्पिक में है भारत को इनसे पदक की उम्मीद
खेलपथ संवाद
भिवानी।
हाल ही एशियन मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में स्वर्णिम पंच जड़ने वाली दमदार मुक्केबाज पूजा रानी बोहरा टोक्यो ओलम्पिक में पदक जीतने को इन दिनों कड़ा अभ्यास कर रही हैं। भिवानी की इस मुक्केबाज से भारत को पदक की उम्मीद है।
भिवानी की महिला मुक्केबाज पूजा रानी बोहरा टोक्यो ओलम्पिक में मुक्के बरसाती नजर आएंगी। पूजा देश की जानी-मानी मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को अपना रोल मॉडल मानती हैं। टोक्यो में उनके साथ ही देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। ओलम्पिक में खेलप्रेमियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूजा इन दिनों रिंग में जमकर पसीना बहा रही हैं।
वर्ष 2009 में पूजा भिवानी के आदर्श महिला महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। पूजा ने तत्कालीन फिजिकल लेक्चरर मुकेश रानी को मुक्केबाजी के प्रति लगाव की बात बताई। मुकेश ने पूजा को अपने पति मुक्केबाजी कोच संजय से मिलवाया और इसके बाद पूजा का मुक्केबाजी अभ्यास शुरू हो गया।
वर्ष 2015 में दिवाली के दिन पूजा का हाथ आतिशबाजी में जल गया। हाथ को सही होने में दो साल से ज्यादा का समय लग गया। स्वस्थ होने के बाद पूजा एक बार फिर रिंग में उतरीं और प्रतिद्वंद्वियों पर अपने मुक्कों की बरसात कर दी।
पूजा ने जॉर्डन में हुए ओलम्पिक क्वालीफाई मुकाबलों में 75 किलोग्राम भार वर्ग में थाइलैंड की मुक्केबाज को हराकर ओलम्पिक कोटा हासिल किया। यह कोटा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी आठ मार्च को हासिल किया था। पूजा के मुक्केबाज पिता राजबीर सिंह और मां दमयंती को अपनी बेटी पर गर्व है और उनका मानना है कि बेटी ने अब तक शानदार खेल दिखाया है और ओलम्पिक में भी वह अच्छा करेगी।
पूजा कहती हैं कि टोक्यो ओलम्पिक से पहले एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने से हौसला बुलंद हुआ है। कोरोना महामारी के चलते इस प्रतियोगिता के आयोजन पर संशय बना हुआ था, लेकिन खेल अधिकारियों के सार्थक प्रयास के चलते देश के खिलाड़ी एशियन चैम्पियनशिप में खेलने के लिए दुबाई रवाना हो सके।
पूजा ने तय किए मील के पत्थर
-2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में रजत पदक
-2012 में गुवाहाटी में सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक
-2013 में एशियन चैम्पियनशिप में रजत पदक
-2013 में एशियन गेम्स में कांस्य पदक
-2019 में बैंकाक में एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक
-2021 में दुबई में एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक

रिलेटेड पोस्ट्स