मिल्खा सिंह के बारे में अफवाहें न फैलाएं

महान खिलाड़ी के स्वस्थ होने की करें कामना
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत के गौरव मिल्खा सिंह जी के बारे में अफवाहें न फैलाएं। उनकी हालत स्थिर है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें।कृपया झूठी खबरें न चलाएं। दरअसल, शनिवार सुबह से ही 'फ्लाइंग सिख' के निधन की खबरें सोशल मीडिया पर चल रही थीं। हालांकि, इन खबरों को अस्पताल के अधिकारियों ने खारिज कर दिया और मिल्खा सिंह के बारे में ताजा जानकारी दी थी।
अधिकारियों ने कहा, कोविड-19 संक्रमण से जूझ रहे महान भारतीय फर्राटा धावक मिल्खा सिंह की हालत स्थिर है और कल से बेहतर है जिनका इलाज यहां के पीजीआईएमईआर (स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान) अस्पताल में चल रहा है। पीजीआईएमईआर ने कहा कि मिल्खा सिंह पहले की तुलना में बेहतर हैं। गुरुवार को उन्हें ऑक्सीजन स्तर में गिरावट के बाद अस्पताल में लाया गया था।
बयान में यह सूचित किया गया कि 91 वर्षीय मिल्खा की निगरानी तीन डॉक्टरों की टीम रख रही है। उन्हें गुरूवार को ऑक्सीजन के गिरते स्तर के बाद अस्पताल लाया गया था। बता दें कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए फोन किया था। पीएम मोदी ने मिल्खा से बात की और उम्मीद जताई कि वह जल्द ही स्वस्थ्य होकर टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आशीर्वाद देंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स