आईओए ने राष्ट्रीय खेल महासंघों से मांगा टीकाकरण का रिकॉर्ड

अम्पायरों और रेफरियों की भी देनी होगी जानकारी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने राष्ट्रीय महासंघों से टीकाकरण करवाने वाले उन खिलाड़ियों और अधिकारियों का ब्यौरा मांगा है जो 23 जुलाई से शुरू होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए टोक्यो जाने वाले हैं। अम्पायरों और रेफरियों की भी जानकारी देने को कहा गया है। 
आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि उन्हें जल्द से जल्द अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) को ब्यौरा सौंपना है। अभी तक भारत से विभिन्न खेलों के 90 से अधिक खिलाड़ियों ने एक साल के लिए स्थगित किए गए ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है।
आईओए ने राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) से प्रश्नावली का जवाब देने के लिए कहा है जिसमें आठ सवाल हैं। इस प्रश्नावली में टीकाकरण करने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों की संख्या, पहला टीका लेने की तिथि, अगला टीका लगाने की तिथि और टीका का नाम आदि शामिल हैं। एनएसएफ को यह भी बताने के लिए कहा गया है कि उनके खिलाड़ी और अधिकारी किस स्थान या देश से टोक्यो जाएंगे और रवाना होने से पहले वे वहां कितना समय बिताएंगे।
आईओए ने एनएसएफ से यह भी बताने के लिए कहा है कि क्या उन्होंने अपने खिलाड़ियों को कोविड-19 दिशा-निर्देशों से अच्छी तरह अवगत करा दिया है। क्या वे अपने खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए अतिरिक्त और विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। महासंघों को यह भी बताना होगा कि उनके दल में कितने सदस्य होंगे और क्या उनकी जापान में खेलों से पहले अभ्यास शिविर लगाने की योजना है। 
ओलम्पिक खेलों के लिए टोक्यो जाने वाले जजों, अम्पायरों, रेफरी और तकनीकी अधिकारियों के टीकाकरण का ब्यौरा देने के लिए भी कहा गया है। आईओए ने हाल में कहा था कि अभी तक कुल 148 खिलाड़ियों ने कोविड-19 का कम से कम पहला टीका लगवा लिया है। इनमें ओलम्पिक के लिए टोक्यो जाने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स