10 दिन ही होंगे खेलो इंडिया यूथ गेम्स

21 नवम्बर से होगा खेलों का आगाज
सीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला, पंचकूला में होंगे मुख्य मुकाबले
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़।
हरियाणा में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ अब केवल दस दिन में ही पूरे करवाए जाएंगे। ये खेल 21 नवम्बर से 30 नवम्बर तक होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में बुधवार को चंडीगढ़ में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। 
बैठक में खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह, भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शामिल हुए। पंचकूला के अलावा नयी दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला व शाहबाद (कुरुक्षेत्र) में खेलों इंडिया के चौथे चेप्टर के विभिन्न खेल मुकाबले होंगे। इनमें से 90 प्रतिशत गेम पंचकूला में होंगे। ब्रिक्स गेम्स 2021 के वॉलीबाल खेल का भी आयोजन खेलो इंडिया के साथ होगा। यह इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा। 
इस मौके पर सीएम ने कहा कि खेला इंडिया यूथ गेम-2021 बहुत की प्रतिष्ठित और बड़ी प्रतियोगिता है। सीएम ने कहा कि खेलों के आयोजन में बजट निगरानी के लिए प्रधान सचिव की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जाएगा। बैठक में सीएम की अध्यक्षता में आयोजन कमेटी के गठन का भी अनुमोदन किया गया। खेलों के आयोजन के लिए कार्यकारी समिति की बैठक हर 15 दिन में होगी। 
सीएम ने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स के लांचिंग समारोह का आयोजन जल्द किया जाएगा। खेल एवं युवा मामलों के निदेशक पंकज नैन ने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स में अंडर-18 कैटेगरी के खेल मुकाबले होंगे। इन खेलों में 25 प्रकार के खेलों का आयोजन होगा। इनमें पांच पारंपारिक खेल गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखम्ब व योग शामिल हैं।  
हरियाणा में पहली बार होंगे यह खेल
पहली बार हरियाणा इन खेलों की मेजबानी करेगा। सीएम ने कहा कि सरकार की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रबंध किए जाएंगे। खेलों के आयोजन के लिए प्रदेश में तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। सीएम ने कहा कि खेलो इंडिया से प्रदेश के खिलाड़ियों को नया अवसर और पहचान मिलेगी। साथ ही, उन्हें अपने प्रतिभा दिखाने का मौका भी मिलेगा। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से पहले कार्यों को जल्द पूरा किया जाए।

 

रिलेटेड पोस्ट्स