अमेरिका भी नहीं चाहता कि ओलम्पिक खेलें खिलाड़ी

अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा- टीका लगवा चुके खिलाड़ियों को भी खतरा
जापान ने कहा ओलम्पिक के आयोजन को खतरा नहीं 
नई दिल्ली।
अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों और मंत्रालय ने अमेरिकावासियों की जापान की यात्रा न करने को कहा है कि क्योंकि वहां कोविड-19 की चौथी लहर चल रही है। अमेरिकी नागरिकों को जापान की यात्रा करने से प्रतिबंधित नहीं किया गया है लेकिन इससे यात्रियों की बीमा दरों पर असर पड़ सकता है। इससे खिलाड़ी जुलाई में शुरू होने वाले ओलम्पिक खेलों में भाग लेने पर पुनर्विचार कर सकते हैं। 
अभी यह पता नहीं चला है कि इस चेतावनी का ओलम्पिक के लिए जापान जाने वालों पर क्या असर पड़ेगा। अटलांटा स्थित रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने कोविड-19 से संबंधित नए दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा, ‘यात्रियों को जापान की यात्रा करने से बचना चाहिए। जापान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यहां तक कि सभी टीके लेने वाले यात्रियों को भी कोविड के अलग-अलग प्रकारों के संक्रमण का खतरा पैदा हो सकता है।
इस बीच अमेरिका ओलम्पिक और पैरालम्पिक समिति ने कहा कि उसे विश्वास है कि अमेरिकी खिलाड़ी सुरक्षित तरीके से टोक्यो ओलम्पिक में भाग लेने में सफल रहेंगे। उसने कहा कि अमेरिका की ओलम्पिक समिति और टोक्यो की आयोजन समिति ने यात्रा से पहले और टोक्यो पहुंचने के बाद और खेलों के दौरान टेस्ट के जो मानक अपनाने की बात कही है वो काफी सुरक्षित है। 
जापान में टीकाकरण ने भी रफ्तार पकड़ ली है। सेना के डॉक्टरों और नर्सों को इस काम में लगाया गया है। ओलम्पिक के मेजबान देश जापान के ज्यादातर शहरों में आपात स्थिति है और इसके अगले माह के मध्य तक रहने की सम्भावना है, चूंकि कोविड-19 संक्रमित केसों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे चिंता यह बढ़ रही है कि जापान उस स्थिति से कैसे निपटेगा जब दुनिया भर से दस हजार से ज्यादा खिलाड़ी ओलम्पिक के लिए एकत्रित होंगे और अस्पताल में पहले से मरीज भरे होंगे और बहुत कम लोगों को टीका लगा होगा। 
अमेरिका के अलर्ट के बाद जापान ने त्वरित प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि इससे 23 जुलाई से होने वाले ओलम्पिक खेलों को कोई खतरा नहीं है। जापान के चीफ कैबिनेट सचिव कातसुनोबयू ने कहा कि अमेरिका की चेतावनी का यह मतलब नहीं है कि उसने जापान की जरूरी यात्रा के लिए मना किया है या अमेरिका की टोक्यो ओलंपिक को समर्थन करने की नीति में कोई बदलाव आया है।
उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि वाशिंगटन ने टोक्यो कोे स्पष्ट किया है कि यात्रा अलर्ट को अमेरिकी दल के ओलम्पिक भागीदारी से कोई लेना-देना नहीं है। ओलम्पिक में विदेशी दर्शकों पर जरूर प्रतिबंध है लेकिन खिलाड़ी, उनके परिवार, खेल अधिकारी और अन्य हितधारक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में शामिल हैं। अमेरिकी अलर्ट के बीच ब्रिटिश ओलम्पिक संघ (बीओए) के प्रमुख ने टोक्यो में ओलम्पिक का जोरदार समर्थन करते हुए कहा है कि संक्रमण मामलों के बढ़ने और अमेरिका के लेवल-4 के अलर्ट के बावजूद टीम ग्रेट ब्रिटेन खेलों के महाकुंभ में हिस्सा लेगी।
बीओए के प्रवक्ता ने कहा कि हमारी टीम ओलम्पिक में भाग लेने को प्रतिबद्ध है। हमें अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने आश्वस्त किया है कि ओलम्पिक खेल नहीं टलेंगे। ब्रिटिश दल के चेफ डि मिशन मार्क इंग्लैंड कह चुके हैं कि आईओसी का फाइजर से करार हो चुका है कि वह खिलाड़ियों के लिए टीके का बंदोबस्त करेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स