महिला तीरंदाजों को विश्व कप में खेलने का मिले मौका

तीरंदाजी संघ ने की अपील
तो क्या अकेले दीपिका ही खेलेंगी टोक्यो ओलम्पिक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय महिला तीरंदाजों का बतौर टीम ओलम्पिक में खेलने का सपना अब तीरंदाजी की सर्वोच्च संस्था वर्ल्ड आर्चरी और पेरिस विश्व कप आयोजन समिति पर निर्भर है। वर्ल्ड आर्चरी के हस्तक्षेप के बाद आयोजन समिति ने भी भारतीय तीरंदाजों की भागीदारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। 
यही नहीं फ्रांस की ओर से भारत में फैले कोरोना के चलते छोटी अवधि का वीजा देने से इंकार किए जाने के बाद विदेश मंत्रालय भी बीच में कूद पड़ा है। उसने भी भारतीय तीरंदाजों का वीजा देने की गुहार लगाई है। टोक्यो ओलम्पिक के लिए पुरुष टीम और दीपिका कुमारी कोटा हासिल कर चुके हैं, लेकिन महिला टीम को ओलम्पिक में खेलने के लिए पेरिस विश्व कप में कोटा हासिल करना होगा। फ्रांस के इंकार के बाद उसकी भागीदारी पर ही तलवार लटक गई है।
एएआई के एक पदाधिकारी के अनुसार टीम को विश्व कप में खेलाने की पूरी कोशिशें की जा रही हैं। वर्ल्ड आर्चरी और आयोजन समिति से बात जारी है। पहले यह प्रस्ताव रखा गया कि भारतीय तीरंदाजों को 10 दिनों का एकांतवास किसी अन्य देश में करा दिया जाता है, लेकिन इस पर अंतिम राय नहीं बन पाई।
अब आयोजन समिति ने फ्रांस में ही पेरिस के बाहर भारतीय टीम के 10 दिन के एकांतवास की योजना बनाई है। आयोजन समिति भी अपने देश को लिखने जा रही है कि ओलम्पिक क्वालीफाइंग को देखते हुए भारतीय टीम को वीजा दिया जाए। 
तीरंदाजों को पेरिस विश्व कप में नहीं खेलने दिया जाता है तो टोक्यो में पुरुष टीम के साथ दीपिका कुमारी को ही खेलना पड़ेगा। पेरिस के लिए महिला टीम में दीपिका कुमारी, अंकिता भक्त, कोमालिका बारी और मधु वेदवान का चयन किया गया है। ओलम्पिक में टीम में तीन सदस्यीय टीम खेलेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स