भारतीय मुक्केबाज दुबई में जमाएंगे पंच

24 मई से दुबई में शुरू होगी एशियाई चैम्पियनशिप
ओलम्पिक क्वालीफाई कर चुके ज्यादातर मुक्केबाज टीम में शामिल
नई दिल्ली।
गत चैम्पियन अमित पंघाल (52 किलोग्राम) और विकास कृष्ण (69 किलोग्राम) समेत ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके ज्यादातर मुक्केबाजों को दुबई में 24 मई से शुरू होने वाली एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
महिला टीम में छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मैरीकॉम (51 किलोग्राम) सहित टोक्यो के लिए क्वालीफाई करने वाली सभी चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। यात्रा के लिए जरूरी स्वीकृति मिलने के बाद टीम 21 मई को दुबई रवाना होगी। इस चैम्पियनशिप की मेजबानी भारत को करनी थी लेकिन कोविड-19 के कारण इसे दुबई स्थानांतरित किया गया।
भारत सह आयोजक बना रहेगा। टोक्यो का टिकट कटाने वाले मनीष कौशिक (63 किलोग्राम) और सतीश कुमार (+91 किलोग्राम) को टीम में शामिल नहीं किया गया है। यह दोनों कोरोना संक्रमण से उबर रहे हैं। पांच पुरुष मुक्केबाजों ने जुलाई-अगस्त में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है। कौशिक की जगह चार बार के एशियन पदक विजेता शिव थापा और सतीश की जगह नरेंद्र को शामिल किया गया है। 
टीम : पुरुष : विनोद तंवर (49 किलोग्राम), अमित पंघाल (52 किलोग्राम), मोहम्मद हुसामुद्दीन (56 किलोग्राम), वरिंदर सिंह (60 किलोग्राम), शिव थापा (64 किलोग्राम), विकास कृष्ण (69 किलोग्राम), आशीष कुमार (75 किलोग्राम), सुमित सांगवान (81 किलोग्राम), संजीत (91 किलोग्राम) और नरेंदर (91 किलोग्राम से अधिक)।
महिला : मोनिका (48 किलोग्राम), मैरीकॉम (51 किलोग्राम), साक्षी (54 किलोग्राम), जास्मिन (57 किलोग्राम), सिमरनजीत कौर (60 किलोग्राम), लालबुआतसाही (64 किलोग्राम), लवलीना बोरगोहेन (69 किलोग्राम), पूजा रानी (75 किलोग्राम), स्वीटी (81 किलोग्राम) और अनुपमा (81 किलोग्राम से अधिक)।

रिलेटेड पोस्ट्स