विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के लिए 20 मुक्केबाजों का चयन

भारतीय युवा पुरुष और महिला मुक्केबाज पोलैंड में दिखाएंगे जौहर
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक के शुरू होने में कुछ ही महीने का समय बाकी है और हर खिलाड़ी इसकी तैयारियों में जुटा हुआ है। इस मामले में भारतीय मुक्केबाज भी कड़ी मेहनत कर रहे हैं और अलग-अलग टूर्नामेंट में भाग लेकर अपनी तैयारियों को परखने में लगे हैं। फिलहाल भारतीय मुक्केबाज पोलैंड में होने वाली एआईबीए युवा पुरुष और महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भाग लेने वाले हैं। 
पोलैंड के कीलस में 10 से 24 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में भारत 20 सदस्यों का एक मजबूत दल भेजेगा। चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए भारतीय दल यहां से 31 मार्च को रवाना होगी।
भारतीय मुक्केबाजी संघ के अनुसार महिला टीम में 2019 एशियाई युवा चैम्पियन नोरेम बेबीरोजीसाना चानू (51 किलोग्राम), विन्का (60 किलोग्राम), सनामचा चानू (75 किलोग्राम), अल्फिया पठान (81 किलोग्राम से अधिक) और खेलो इंडिया की तीन बार की स्वर्ण पदक विजेता अरुंधति चौधरी (69 किलोग्राम) शामिल होंगी। इन पांच मुक्केबाजों ने पिछले महीने मोंटेनेग्रो में एड्रियाटिक पर्ल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक हासिल किए थे। इनके अलावा गीतिका (48 किलोग्राम), आर्शी खानम (54 किलोग्राम), पूनम (57 किलोग्राम), निशा (64 किलोग्राम) और खुशी (81 किलोग्राम) को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है।
भारतीय पुरूष टीम की अगुवाई एशियाई युवा चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता अंकित नरवाल (64 किलोग्राम) करेंगे। एशियाई जूनियर चैम्पियन और ट्रायल्स में प्रभावित करने वाले चोंगथम विश्वामित्र (49 किलोग्राम) ने भी पुरुष टीम में स्थान बनाया है। युवा विश्व चैम्पियनशिप के लिए टीम में जगह बनाने वाले अन्य मुक्केबाजों में विकास (52 किलोग्राम), सचिन (56 किलोग्राम), आकाश गोरखा (60 किलोग्राम), सुमित (69 किलोग्राम), मनीष (75 किलोग्राम), विनीत (81 किलोग्राम), विशाल गुप्ता (91 किलोग्राम) और जुगनू (91 किलोग्राम से अधिक) शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स