साक्षी, दिव्या समेत चार पहलवानों को एशियन चैम्पियनशिप का टिकट

लखनऊ। रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक (65 किलोग्राम) और एशियन चैम्पियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट दिव्या काकरान (73 किलोग्राम) ने नॉन ओलम्पिक कैटेगरी में सफलता हासिल करते हुए भारतीय महिला कुश्ती टीम में जगह बनाई।
ये दोनों स्टार खिलाड़ी पिंकी (55 किलोग्राम) और सरिता मोर (69 किलोग्राम) के साथ अल्माटी (कजाकिस्तान) में 13 से 18 अप्रैल तक होने वाली एशियन चैंपियनशिप में भारत की चुनौती पेश करेंगी।
बताते चलें कि बीती 22 मार्च को ओलम्पिक कैटेगरी के लिए हुए ट्रायल में साक्षी को 62 किलोग्राम और दिव्या काकरान को 68 किलोग्राम में अप्रत्याशित हार के साथ बाहर होना पड़ा था। ऐसे में एशियन चैम्पियनशिप खेलने के लिए इन दोनों खिलाड़ियों के पास अपने वजन को बदलना जरूरी था और दोनों ही नई चुनौती का सामना करने को तैयार दिखी और नए वजन में एशियन चैंपियनशिप में भाग लेगी।
लखनऊ साई सेंटर में हुए दो घंटे तक चले ट्रायल के तहत साक्षी ने 65 किग्रा फाइनल में रौनक पर 10-0 से आसान जीत दर्ज की जबकि दिव्या ने पिंकी को 11-1 से हराते हुए अल्माटी का टिकट हासिल किया।
अन्य भारवर्गो के तहत 59 किग्रा में सरिता मोर ने अंजली को 10-0 और 55 किग्रा में पिंकी ने मीनाक्षी को 3-1 से पराजित किया। साई सेंटर में हुए ट्रायल का शुभारंभ लखनऊ कुश्ती एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय शाही और भारतीय कुश्ती संघ के सदस्य आदित्य प्रताप सिंह ने किया। मौके पर साई सेंटर के कार्यकारी निदेशक संजय सारस्वत समेत अन्य मौजूद रहे। 
‘उम्मीद के अनुरूप साक्षी और दिव्या ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए एशियन चैम्पियनशिप का टिकट हासिल किया। दोनों ही प्रतिभाशाली अनुभवी खिलाड़ी हैं। उनके लिए अभी ओलम्पिक की संभावनाएं खत्म नहीं हुई हैं। एशियन चैम्पियनशिप में मिला पदक दोनों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर सकता है।’- कुलदीप मलिक (भारतीय महिला कुश्ती टीम के चीफ कोच)

रिलेटेड पोस्ट्स