कमलप्रीत कौर ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

फेडरेशन कप में सोना जीत ओलम्पिक क्वालीफाई किया
हिमा ने जीती 200 मीटर की रेस
पटियाला।
चक्का फेंक खिलाड़ी 25 वर्षीय कमलप्रीत कौर ने 65.06 के नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ इस साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने फेडरेशन कप सीनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन में चार मीटर का सुधार किया। अन्य स्पर्धाओं में स्टार धावक हिमा दास ने 23.21 सेकंड के नए मीट रिकॉर्ड के साथ 200 मीटर की रेस जीत ली। साथ ही सेमीफाइनल की हीट में तमिलनाडु की धनलक्ष्मी से मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। धनलक्ष्मी (23.21) ने रजत और अर्चना सुसेंद्रन 23.60 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
पंजाब की कमलप्रीत ने 2019 में चैंम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में 65.06 मीटर चक्का फेंककर यहां राष्ट्रीय क्रीड़ा संस्थान (एनआईएस) में सभी को हैरत में डाल दिया। हालांकि बाद में उनके पांच प्रयासों में फाउल हुए। महिलाओं के डिस्कस थ्रो में क्वालिफिकेशन पात्रता 63.50 मीटर की है। इससे पहले कमलप्रीत का निजी श्रेष्ठ प्रदर्शन 61.04 था जो उन्होंने 2018 में किया था। तब उन्होंने कृष्णा पुनिया के नौ साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा था। 
सीमा पुनिया जो 2018 एशियाई खेलों के बाद पहली बार किसी स्पर्धा में हिस्सा ले रही थीं, उन्होंने 62.64 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। वह एक मीटर के फासले से ओलंपिक क्वालिफाई करने से चूक गईं। दिल्ली की सोनम गोयल (52.11 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। 

रिलेटेड पोस्ट्स