तलवारबाज भवानी देवी को ओलम्पिक टिकट

ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला
नई दिल्ली।
तमिलनाडु की सीए भवानी देवी इस साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक का टिकट हासिल कर इन खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय तलवारबाज बन गई हैं। भवानी ने समायोजित आधिकारिक रैंकिंग (एओआर) के आधार पर ओलम्पिक क्वालीफिकेशन हासिल किया।
विश्व रैंकिंग के आधार पर पांच अप्रैल 2021 तक एशिया-ओशिनिया क्षेत्र के लिए दो जगह थीं। भवानी फिलहाल 45वें स्थान पर हैं और रैंकिंग के आधार पर वह एक स्थान हासिल करने में सफल रहेंगी। इस 27 साल की खिलाड़ी के आधिकारिक क्वालीफिकेशन पर मुहर पांच अप्रैल को रैंकिंग जारी होने पर लगेगी।
खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने पर भवानी देवी को शुभकामनाएं दीं। रिजिजू ने ट्वीट किया, 'भारतीय तलवारबाज भवानी देवी को बधाई, जिन्होंने टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली भारतीय तलवारबाज बन गई हैं। भवानी देवी को मेरी शुभकामनाएं।'
बता दें कि आठ बार की यह राष्ट्रीय चैम्पियन रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही थी। उन्होंने इसके बाद ओलम्पिक के सपने को पूरा करने के लिए इटली में कोच निकोला जानोट्टी से प्रशिक्षण लेना जारी रखा।

रिलेटेड पोस्ट्स