भारतीय तीरंदाजों ने कटाया टोक्यो का टिकट

प्रवीण जाधव पहला, अतानु दास दूसरा 
37 वर्षीय तरुणदीप खेलेंगे तीसरा ओलम्पिक
दीपिका कुमारी भी क्वालीफाई
खेलपथ प्रतिनिधि
पुणे।
देश को टोक्यो ओलम्पिक का कोटा दिलाने वाले तीरंदाज प्रवीण जाधव, अतानु दास और तरुणदीप रॉय ही टोक्यो में भारतीय तीरंदाजी टीम की अगुआई करेंगे। सोमवार को आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे में समाप्त हुए ट्रायल में इन तीरंदाजों ने पहले तीन स्थान पर रहते हुए ओलम्पिक टीम में जगह बनाई। वहीं महिलाओं के ट्रायल में दीपिका कुमारी ने टॉप पर रहते हुए ओलम्पिक का टिकट हासिल किया। 
दीपिका के अलावा झारखंड की अंकिता भकत, जूनियर विश्व चैम्पियन कोमालिका बारी ने ओलम्पिक क्वालीफाइंग विश्व कप में खेलने का हक हासिल किया। ये तीनों तीरंदाज ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करती हैं तो टोक्यो में खेलने की हकदार होंगी। ओलम्पिक टीम के चार दिनों तक चले ट्रायल का चौथा दिन नाटकीय रहा। 
पुरुषों में तरुणदीप रॉय और महिलाओं में कोमालिका की स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन अंतिम दिन सुधरे प्रदर्शन और बोनस अंकों के सहारे दोनों ने टीम में जगह बना ली। 2004 और 2012 का ओलम्पिक खेलने वाले तरुणदीप रॉय कल तक रैंकिंग राउंड में सातवें स्थान पर चल रहे थे, लेकिन आज उन्होंने राउंड रोबिन में तीन मुकाबले जीते। उन्होंने फायदा पिछले ट्रायल में अच्छे प्रदर्शन का और ओलम्पिक कोटा दिलाने पर बोनस अंक का मिला। इन अंकों के सहारे ही तरुण तीसरे स्थान पर पहुंच गए। वहीं जयंत तालुकदार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद टीम में जगह नहीं बना पाए। प्रवीण, अतानु, तरुण के साथ बी. धीरज अगले तीन विश्व कप की टीम में खेल सकते हैं। विश्व कप में चार तीरंदाजों की टीम खेलती है जबकि ओलम्पिक में तीन तीरंदाज ही खेलते हैं।
महिलाओं में दीपिका पहले ही व्यक्तिग ओलम्पिक कोटा जीत चुकी हैं। उन्होंने ट्रायल में पहला स्थान हासिल कर टोक्यो का टिकट भी पक्का कर लिया, लेकिन अब उनके और अंकिता, कोमालिका के सामने पेरिस में होने वाले तीसरे ओलम्पिक क्वालीफाइंग विश्व कप में भारतीय टीम को टिकट दिलाने की चुनौती रहेगी। विश्व कप की टीम में खेलने वाली चौथी तीरंदाज उत्तर प्रदेश की मधु वेदवान होंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स