दमोह से जबलपुर की महिला हॉकी खिलाड़ी गायब

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में आई थी खेलने
खेलपथ प्रतिनिधि
दमोह।
मध्यप्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय में चल रही राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जबलपुर से आई एक महिला खिलाड़ी के अचानक गायब होने से हड़कम्प मच गया। इस सम्बन्ध में जबलपुर के टीम मैनेजर द्वारा शिकायत दर्ज करायी गयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दमोह में चल रही राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जबलपुर की टीम भी दमोह आई थी। इसमें 16 सदस्यीय टीम को दमोह नगर के एक शासकीय स्कूल जेपीबी में रुकवाया गया था। सोमवार शाम टीम खिलाड़ी खाना खाने के लिए बाहर जाने के लिए निकलीं लेकिन एक खिलाड़ी खुशबू रजक (21) ने बाहर जाने से मना कर दिया जिसके बाद बाकी खिलाड़ी खाना खाने चली गईं। रात तकरीबन 10 बजे वापस लौटने पर देखा गया कि खुशबू कमरे में नहीं थी।
महिला खिलाड़ियों ने तत्काल ही इस बात की जानकारी टीम मैनेजर और सचिव को दी। उसके बाद सभी ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन किसी भी प्रकार का कोई सुराग नहीं मिला। दमोह में प्रतियोगिता छह मार्च तक चलेगी। उधर दमोह पुलिस का कहना है कि लापता महिला खिलाड़ी का मोबाइल बंद आ रहा है। उसके मोबाइल की सीडीआर निकालकर उसकी पतासाजी के प्रयास किए जा रहे हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स