हरियाणा सरकार की संशोधित खेल नीति से पैरा-ओलम्पिक खिलाड़ी नाराज

ओलम्पिक खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को क्लास-वन की नौकरी से किया बाहर
खेलपथ प्रतिनिधि
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार की संशोधित खेल नीति पर बवाल खड़ा हो गया है। पैरा-ओलम्पिक खिलाड़ी नीति में किए गए बदलाव से नाराज हैं। दरअसल, इस नीति में पैरा-ओलम्पिक खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को क्लास-वन की नौकरी से बाहर कर दिया है। ओलम्पिक पद विजेता भी केवल क्लास-2 की ही नौकरी हासिल कर सकेंगे।
ओलम्पिक पदक विजेता पैरा-ओलम्पिक खिलाड़ी दीपा मलिक के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने बुधवार को चंडीगढ़ में खेल एवं युवा मामलों के राज्यमंत्री संदीप सिंह से मुलाकात की। हाल ही में कैबिनेट बैठक में खेल नीति में संशोधन का निर्णय लिया था। इसमें तय किया गया कि अब ओलम्पिक, एशियाई व कॉमनवेल्थ खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे एचसीएस व एचपीएस भर्ती नहीं किया जाएगा। अलबत्ता, खेल विभाग में सीधे डिप्टी डायरेक्टर का पद देने का निर्णय लिया है। इसके लिए 50 नये पद भी सृजित होंगे। सीनियर कोच व कोच के भी पद सृजित किए जाएंगे। पैरा-ओलम्पिक खिलाड़ी पहले क्लास-वन की नौकरी के हकदार थे, लेकिन बदलाव के बाद वे क्लास-2 की नौकरी के लिए अधिकृत किए गए हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स