टोक्यो ओलम्पिक के लिए तीन और रेसवॉकरों ने किया क्वालीफाई

20 किलोमीटर वर्ग में बने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड
नई दिल्ली।
भारत के तीन रेसवॉकर (पैदल चाल खिलाड़ियों) ने यहां राष्ट्रीय ओपन रेसवॉकिंग चैम्पियनशिप के जरिए टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया जबकि संदीप कुमार और प्रियंका गोस्वामी ने पुरूष और महिला 20 किलोमीटर वर्ग में नये राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए। कोरोना महामारी के बाद राष्ट्रीय ओपन रेसवॉकिंग चैम्पियनशिप पहला बड़ा एथलेटिक्स टूर्नामेंट है।
अब तक भारत के कुल पांच रेसवॉकर तोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। केटी इरफान (पुरूष 20 किमी) और भावना जाट (महिला 20 किमी) पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं। संदीप ने एक घंटे 20 मिनट और 16 सेकंड का समय निकालकर पुरूष ग्रुप ए 20 किलोमीटर में जीत दर्ज की। वहीं गोस्वामी ने महिलाओं के ग्रुप ए वर्गमें एक घंटे 28 मिनट और 45 सेकेंड का समय निकाला।
पुरूष वर्ग में दूसरे स्थान पर रहे राहुल ने भी एक घंटे 20 मिनट और 26 सेकंड का समय निकालकर ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया। टोक्यो ओलम्पिक में पुरूष रेसवॉक का क्वालीफिकेशन समय एक घंटा 21 मिनट और महिला वर्ग का एक घंटा 31 मिनट है।
रियो ओलम्पिक 2016 में भारत का प्रतिनिधित्व 50 किमी रेसवॉक में कर चुके संदीप ने इरफान और देवेंदर सिंह का एक घंटे 20 मिनट और 21 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। इरफान शनिवार को रेस पूरी नहीं कर सके, उन्होंने मार्च 2019 में जापान के नोमी में एशियाई चैम्पियनशिप के जरिए टोक्यो का टिकट कटाया था।
गोस्वामी ने भावना का एक घंटे 29 मिनट 54 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। भावना दूसरे स्थान पर रहीं जो पहले ही ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। इन पांचों रेसवॉकर के अलावा भालाफेंक में नीरज चोपड़ा और शिवपाल सिंह, 3000 मीटर स्टीपलचेस में अविनाश साबले और चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले टीम ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई कर चुकी है। टोक्यो ओलम्पिक इस साल जुलाई अगस्त में होंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स