जाट कॉलेज कैम्पस में तीन कोच व दो महिला पहलवान समेत पांच लोगों की हत्या

रोहतक में खूनी वारदात, सिरफिरे आरोपी सुखविंदर ने खेलों पर लगाया बदनुमा दाग

मृतकों में मथुरा की उदीयमान महिला पहलवान पूजा भी शामिल
खेलपथ प्रतिनिधि
रोहतक।
हरियाणा के रोहतक में एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। रोहतक के जाट कॉलेज में शुक्रवार रात कुश्ती कोच ने अंधाधुंध फायरिंग कर तीन कोच और एक महिला पहलवान समेत पांच लोगों को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। जबकि गोली लगने से तीन साल का बच्चा और एक अन्य कोच गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक,रोहतक शहर के जाट कॉलेज के अंदर जिम्नेजियम हॉल के कोच और खिलाड़ियों पर रात 9.30 बजे हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी सुखविंदर पहले मेहर सिंह अखाड़े में कोच था। जहां से उसे उसके चाल-चलन को देखते हुए निकाल दिया गया था। इसके बाद वह जाट कॉलेज अखाड़े में कोचिंग देने लगा। यहां भी उसका चाल-चलन ठीक नहीं था। जिसके बाद उसे यहां से भी हटाने की बात कह दी गई थी। उसके बाद सिरफिरे ने इस पूरी वारदात को प्लानिंग के हिसाब से अंजाम दिया। वारदात की सूचना मिलने पर शहर में हड़कम्प मच गया।
कॉलेज के अंदर मेहर सिंह अखाड़ा में हुई फायरिंग की घटना में सात लोगों को गोली लगी थी। मृतकों में अखाड़े का संचालक सोनीपत के सरगथला गांव निवासी सहायक प्राध्यापक मनोज कुमार, उसकी पत्‍नी साक्षी, कुश्‍ती कोच सतीश दलाल मंडाैती, महिला पहलवान पूजा और प्रदीप मलिक मोखरा शामिल हैं। महिला पहलवान पूजा उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली बताई जाती है। इसके साथ ही मनोज का तीन साल का बेटा सरताज और कुश्‍ती कोच अमरजीत सहित कई लाेग घायल हैं।
रोहतक के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने कहा कि हमने जांच के लिए टीम का गठन किया है। वह घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटा रही है। इस मामले में अब कई खुलासे हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि जाट कॉलेज अखाड़े में आने वाली महिला खिलाड़ी पूजा के परिजनों ने कोच मनोज से सुखविंदर की शिकायत की थी। मृतक कोच मनोज के भाई के अनुसार करीब पांच दिन पहले महिला खिलाड़ी पूजा ने अपने परिवार से सुखविंदर की शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि सुखविंदर उसे परेशान कर रहा है।
पूजा के परिवार ने यह शिकायत कोच मनोज को की। शिकायत के बाद मनोज ने सुखविंदर कोच को अखाड़े में प्रशिक्षण के लिए आने से मना कर दिया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए सुखविंदर ने वारदात को अंजाम दिया। पीजीआईएमएस थाना पुलिस को दी शिकायत में प्रमोज कुमार ने बताया कि वह गांव सरगथल (सोनीपत) के हैं तथा  वे दो भाई हैं। बड़ा भाई मनोज कुमार जाट कॉलेज रोहतक में डीपी के पद पर कार्यरत था। भाभी साक्षी मलिक रेलवे में कार्यरत थी। भाई अपने तीन साल के बेटे सरताज के साथ देव कॉलोनी में रहते थे। मनोज जाट कॉलेज अखाड़े में सुबह-शाम कुश्ती के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया करता था।
शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह अभ्यास कराने के लिए अपनी पत्नी व बच्चे के साथ जाट कॉलेज अखाड़े में आया था। भाभी साथ में अपने गेम की प्रैक्टिस कर रही थीं और उनके साथ उनका बेटा सरताज भी था। अखाड़े में सुखविंदर निवासी बरोदा व सतीश निवासी मांडोठी मनोज के अधीन रहते हुए जाट कॉलेज अखाड़े में कुश्ती का प्रशिक्षण दे रहे थे। प्रमोज ने बताया कि रात करीब आठ बजे चाचा के बेटे टोनी निवासी सरगथल सोनीपत से सूचना मिली कि सुखविंदर कोच ने अखाड़े में अपने साथियों के साथ आकर मनोज, उसकी पत्नी-बच्चे व अन्य कई व्यक्तियों की गोलियां मारकर हत्या कर दी है।
सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचा तो पता लगा कि उसके भाई-भाभी की मौत हो गई है व भतीजा सरताज घायल है। इसके अलावा खिलाड़ी पूजा, कोच सतीश, प्रदीप उर्फ फौजी (खिलाड़ी) की मौत हो चुकी है। अमरजीत (कोच) घायल है। प्रमोज के अनुसार आरोपी सुखविंदर ने योजनाबद्ध तरीके से अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। इस हत्याकांड में मथुरा की महिला पहलवान पूजा तोमर की भी मौत हो गई। पूजा अपने भार वर्ग की प्रतियोगिता में स्टेट और नेशनल चैम्पियन रह चुकी थी।

 

रिलेटेड पोस्ट्स