मार्च में चयनित होगी तीरंदाजी की ओलम्पिक टीम

पांच से आठ मार्च को होंगे फाइनल ट्रायल
कम्पाउंड तीरंदाजों की भी होगी ट्रायल
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारतीय तीरंदाजी टीम का चयन मार्च में हो जाएगा। तीरंदाजी संघ ने ओलम्पिक का अंतिम ट्रायल पांच से आठ मार्च को आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे में कराने का फैसला लिया है। इस ट्रायल में पुणे में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में शामिल आठ-आठ पुरुष और महिला तीरंदाज शिरकत करेंगे। इनमें से पहले चार तीरंदाज ए और बाद के चार बी टीम में शामिल होंगे। 
महिला ए टीम ओलम्पिक क्वालीफाइंग विश्व कप में जबकि पुरुष ए टीम के शीर्ष तीन तीरंदाज ओलम्पिक में खेलेंगे। महिला टीम ने अब तक ओलम्पिक का टिकट हासिल नहीं किया है। सिर्फ दीपिका कुमारी ने क्वालीफाई किया है। पुरुषों में तरुणदीप रॉय, प्रवीण जाधव, और अतानु दास की टीम ने ओलम्पिक का टिकट लिया है।
रिकर्व के बाद तीरंदाजी संघ ने कम्पाउंड तीरंदाजों का भी ट्रायल कराने का फैसला लिया है। ये ट्रायल दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में 30 व 31 जनवरी को होंगे। इनमें एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अभिषेक वर्मा और रजत चौहान सहित कई दिग्गज तीरंदाज शामिल होंगे। ट्रायल के जरिए 12-12 पुरुष-महिला तीरंदाजों का चयन कर शिविर लगाया जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स