कल दुनिया के 52 देशों में उमड़ेगा देशप्रेम का ज्वार

वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग के प्रयास रंग लाए

veteransindiasports.com में जाकर अपना पंजीयन कराएं

श्रीप्रकाश शुक्ला

नई दिल्ली। देशप्रेम में आ रही गिरावट से चिन्तित वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग कल मंगलवार को गणतंत्र दिवस पर ऐसा अभिनव काम करने जा रहा है जोकि भारतीय खेलों में एक नया इतिहास होगा। जी, हां 26 जनवरी को सिर्फ भारत ही नहीं दुनिया के 52 देशों में देशप्रेम का ज्वार उमड़ते जनमानस देखेगा। कल 50 लाख से अधिक बच्चे-बूढ़े और जवान वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग के बैनर तले देशभक्ति की जो अलख जगाएंगे उससे न केवल युवा तरुणाई में जोश पैदा होगा बल्कि खेल संस्कृति भी पल्लवित होगी।

वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग के इन प्रयासों को देश के दिग्गज खिलाड़ियों भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, विश्व एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला पदक जीतने वाली लांग जम्पर अंजू बाबी जार्ज, देश की पहली महिला पैरालम्पिक पदक विजेता दीपा मलिक सहित सैकड़ों इंटरनेशनल खिलाड़ियों ने न केवल सराहा है बल्कि सभी आयु वर्ग के लोगों से देशभक्ति के लिए दौड़ने का आह्वान भी किया है। वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग की देशभक्ति दौड़ में खेलो इंडिया, खेल मंत्रालय सहित खेल से जुड़ा हर व्यक्ति शामिल है। इस दौड़ को लेकर जिस तरह लोगों में उत्साह नजर आ रहा है उससे यह उम्मीद है कि कल खेलों में एक नया अध्याय लिखा जाएगा।

इस दौड़ को भारत ही नहीं दुनिया के 52 देशों का जिस तरह सहयोग मिल रहा है, वह अपने आपमें बहुत बड़ा प्रोत्साहन है। देशप्रेम को समर्पित इस आयोजन में जो भी लोग हिस्सा लेना चाहते हैं वह veteransindiasports.com में जाकर अपना पंजीयन अभी भी करा सकते हैं। यह आयोजन पूरी तरह से निःशुल्क है। वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग से जुड़ा हर शख्स जिस उत्सुकता और उत्साह से इस दौड़ को सफल बनाने का प्रयास कर रहा है, उससे उम्मीद है कि कल खेलों में नया इतिहास लिखा जाएगा। देशप्रेम को समर्पित यह दौड़ साढ़े 11 बजे आयोजित की जा रही है।

वेटरंस इंडिया के संस्थापक-अध्यक्ष बिनय कुमार मिश्रा भी देशभक्ति की दौड़ को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। श्री मिश्रा का कहना है कि देशवासियों के जोश और जज्बे को जीवंत करने के लिए ही वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग द्वारा गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति पूर्ण दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। वेटरंस इंडिया के प्रयासों से युवाओं की दिशा और दशा जरूर बदलेगी, इसमें संदेह नहीं है। श्री मिश्रा कहते हैं कि देशभक्ति की बातें तो बहुत होती हैं लेकिन उसमें जो जोश और जुनून दिखना चाहिए उसका अभाव काफी विचलित करने वाला है। सच कहें तो हम देशभक्ति से ही अपने मुल्क को खेलशक्ति बना सकते हैं। तो देर किस बात की आओ हम सब दौड़ें और दूसरों को भी दौड़ने के लिए प्रेरित करें।

वेटरंस इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव डा. अशोक लेंका का कहना है कि आने वाली पीढ़ी में मातृभूमि के प्रति लगाव पैदा करना हर भारतीय का कर्तव्य होना चाहिए। जिस देश के नागरिकों में अपने देश के प्रति प्रेम व सम्मान की भावना खत्म हो जाती है वह देश अपनी आजादी को लम्बे समय तक सुरक्षित नहीं रख पाता। डा. लेंका कहते हैं कि बात केवल युवाओं की नहीं है हम सभी की है। देश केवल भूगोल नहीं है वह केवल सीमा रेखा के भीतर सिमटा जमीन का टुकड़ा नहीं है। वह तो भूमि के उस टुकड़े पर रहने वालों की कर्मभूमि है, जन्मभूमि है, उनकी पालनहार है, माँ है, उनकी आत्मा है। देश बनता है वहाँ रहने वाले लोगों से, आप से, हम से  बल्कि हम सभी से।

डा. अशोक लेंका ने वेटरंस इंडिया से जुड़े हर पदाधिकारी और सदस्यों का आह्वान किया है कि आओ हम सब मिलकर हिन्दुस्तान को सारे जहां से अच्छा बनाएं। अब वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग से जुड़े हर पदाधिकारी का दायित्व बनता है कि वह देशभक्ति पूर्ण दौड़ को सफल बनाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करे। दोस्तों कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। आपके प्रयासों से इतिहास लिखा जाए इसी कामना के साथ जयहिन्द-जय भारत।

रिलेटेड पोस्ट्स