केंद्रीय खेल मंत्रालय ने शुरू की खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां

खेलपथ प्रतिनिधि
चंडीगढ़।
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोविड-19 की वजह से अभी तक इन खेलों को लेकर देरी हो रही थी। कोरोना के मामलों में आ रही कमी और 16 जनवरी से शुरू हो रही वैक्सीनेशन मुहिम को देखते हुए खेल मंत्रालय व स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने खेलों को लेकर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। 
खेल मंत्रालय नवम्बर में ये गेम करवाने की कोशिश में है। इस बार इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी हरियाणा करेगा। इसी के चलते केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों का एक दल बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचा। यहां इन अधिकारियों ने हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह तथा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी योगेंद्र चौधरी के साथ अहम बैठक की। केंद्रीय खेल एवं युवा मामले मंत्रालय ने हरियाणा सरकार के अनुरोध पर लॉनबॉल व हैंडबॉल को भी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल किया है। 
किस जगह और किस स्टेडियम में कौन से खेल होंगे, इसका निर्णय खेल के कम्पटीशन मैनेजरों से सलाह के बाद होगा। केंद्रीय मंत्रालय व खेल प्राधिकरण के अधिकारियों का एक दल राज्य के प्रस्तावित आयोजन स्थलों का निरीक्षण भी कर चुका है। केंद्रीय खेल मंत्रालय तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों की टीम करनाल, कुरुक्षेत्र, शाहबाद मारकंडा, अम्बाला, पंचकूला के खेल मैदानों का दौरा भी कर चुकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स