हमारे बेटे से मिलिए, सपनों में विश्वास करिए

मां बनीं पहलवान बबिता फोगाट
खेलपथ प्रतिनिधि
चण्डीगढ़।
पहलवान बबिता फोगाट ने बेटे को जन्म दिया है। उन्होंने अपने बेटे की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। फोटो शेयर करते हुए बबिता ने प्यारा संदेश लिखा-हमारे बेटे से मिलिए, सपनों में विश्वास करिए, ये पूरे होते हैं। हमारे पूरे हुए हैं, नीले कपड़ो में देखिए। एक दिसम्बर 2019 को पहलवान बबिता फोगाट की शादी भारत केसरी रह चुके पहलवान विवेक सुहाग के साथ हुई थी।

बबिता हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बलाली गांव की रहने वाली हैं। विवेक अपनी शादी में महज 21 लोगों की बरात लेकर पहुंचे थे वहीं बबिता के लग्न में एक रुपया दिया गया था। खास बात यह थी कि शादी बिना दहेज के सम्पन्न हुई थी। यहां तक की बैंडबाजा व डीजे का भी इंतजाम नहीं था। यह पूरी शादी प्लास्टिक रहित सम्पन्न हुई थी। बबिता की शादी में आठ फेरे हुए थे। 
गौरतलब है कि बबिता देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में जहां स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए हैं वहीं विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक भी अपने नाम कर चुकी हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित अर्जुन अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। 
बबिता ने राजनीति में भी हाथ आजमाया, हालांकि यहां उन्हें सफलता नहीं मिली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बबिता फोगाट द्रोणाचार्य अवार्डी पिता महाबीर फोगाट की बेटी और अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फोगाट की बहन हैं। इन दोनों के ऊपर बॉलीवुड में ‘दंगल’ फिल्म भी बन चुकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स