देश का मान, खिलाड़ी महान


युवाओं खेलों को अपनी प्राथमिकता बनाओ, नौकरी तुम्हारे पीछे भागेगी
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
आज युवाओं का दिन है। युग पुरुष विवेकानंद जी आज के ही दिन अवतरित हुए थे। देश के महान दार्शनिक और विश्व में भारत के अध्यात्म का डंका बजाने वाले स्वामी विवेकानंद की आज 158वीं जयंती है। उनके विचार और जीवन हमारे लिए प्रेरणादायी हैं। 'उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक मंजिल प्राप्त न हो जाए' का संदेश देने वाले विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। 12 जनवरी का दिन पूरे देश में युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, खेलजगत की दृष्टि से कई भारतीय खिलाड़ी इन दिनों अपने दमखम और कौशल से देश का मान बढ़ा रहे हैं। 
दीपक पूनिया, पहलवान
हरियाणा के लोग अपनी सभ्यता, परम्परा और मेहनत के बीज को कुछ यूं बोते हैं कि पूरा देश तरक्की से हरा-भरा हो जाता है। इस सूबे की मिट्टी को अपने शरीर पर मलकर कई पहलवानों ने देश को कुश्ती में मेडल दिलाए हैं। दीपक पूनिया भी उन्हीं में से एक हैं। झज्झर के रहने वाले दीपक ने छत्रसाल स्टेडियम में सुशील कुमार, बजरंग पूनिया जैसे पहलवानों को देखकर कुश्ती के दांवपेंच में महारत हासिल की। दीपक ने जब कुश्ती शुरू की थी तब उनका लक्ष्य इसके जरिए नौकरी पाना था, जिससे वह अपने परिवार की देखभाल कर सकें। मगर ओलम्पिक मेडलिस्ट सुशील की सलाह, 'कुश्ती को अपनी प्राथमिकता बनाओ, नौकरी तुम्हारे पीछे भागेगी।' अब दीपक पूनिया देश के कई और पहलवानों के रोल मॉडल बन चुके हैं।
निखत जरीन, महिला मुक्केबाज
हक के लिए लड़ना, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना। यहां तक की सत्ता से टकरा जाना ही युवाओं की पहचान है। एक ऐसी ही एथलीट हैं निखत जरीन। 23 वर्षीय इस युवा महिला मुक्केबाज को जब लगा कि, उनके साथ गलत हो रहा है तो उन्होंने अपनी आवाज खेलमंत्री और देश के शीर्ष खेल हुक्मरानों तक पहुंचा दी। निखत ने भारतीय मुक्केबाजी संघ के उस फैसले को टक्कर दे दी, जिसमें मैरीकॉम को बिना क्वालीफायर खेले ही टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारतीय बॉक्सिंग की टीम में शामिल कर लिया गया था। निखत के लम्बे संघर्ष के बाद बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को एक मैच का आयोजन करवाना पड़ा। हालांकि निखत अनुभवी मैरीकॉम के सामने नहीं टिक पाई। ओलम्पिक खेलने का सपना, सपना ही रह गया, लेकिन अपने हक के लिए आवाज बुलंद करने वाली निखत को जमाना याद रखेगा।
प्रवीण कुमार, वुशू 
हरियाणा के रोहतक के रहने वाले 22 वर्षीय प्रवीण कुमार ने विश्व खिताब जीत पूरी दुनिया में तिरंगे का मान बढ़ाया। अक्टूबर 2019 में फिलीपींस में हुई वुशू चैम्पियनशिप में 28 साल के इतिहास में विश्व चैम्पियन बनने वाले भारत के पहले पुरुष खिलाड़ी बने। उनसे दो साल पहले पूजा कादियान स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पहली खिलाड़ी बनी थीं। 
अमित पंघाल, मुक्केबाजी
हरियाणा के रोहतक जिले में जन्मे अमित, सितम्बर 2019 को बॉक्सिंग के इस सबसे बड़े इवेंट में सिल्वर जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष मुक्केबाज बने थे। अमित पंघाल इकलौते भारतीय मुक्केबाज हैं, जिन्होंने यूरोप के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित प्रतियोगिता स्ट्रांदजा मेमोरियल में लगातार दो बार गोल्ड मेडल जीता। 
आर. प्रग्गनानंधा, शतरंज 
आर. प्रग्गनानंधा की उम्र भले ही कम हो, लेकिन उनके इरादे आसमां जितने ऊंचे हैं। महज 12 साल 10 महीने की उम्र में वे भारत के सबसे छोटे और दुनिया के दूसरे सबसे छोटे ग्रांडमास्टर बन गए। भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद भी 18 साल की उम्र में ग्रांडमास्टर बन पाए थे। 

रिलेटेड पोस्ट्स