खेलों को नई पहचान देगा वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग

रंग लाएंगे संस्थापक अध्यक्ष बी.के. मिश्रा और महासचिव डा. अशोक लेंका के प्रयास

श्रीप्रकाश शुक्ला

नई दिल्ली। वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग एक संस्था ही नहीं खिलाड़ियों और खेल-हितैषियों का ऐसा मंच है जिसके सहारे हम खेलों में नई चेतना तथा क्रांति ला सकते हैं। वेटरंस इंडिया के संस्थापक, अध्यक्ष बिनय कुमार मिश्रा और महासचिव डा. अशोक कुमार लेंका वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग के माध्यम से खेलों में शुचिता और पारदर्शिता  लाने का प्रयास कर रहे हैं। संस्था के प्रयास हैं कि देश का हर बच्चा खेले, वह भी शानदार वातावरण में। देश में खेलों के विकास का सब्जबाग दिखाने की नापाक कोशिशों के बीच वेटरंस इंडिया व्यक्ति की बजाय राष्ट्र को सर्वोपरि मानकर ही काम कर रही है।

हाल ही नई दिल्ली में हुए संस्थान के सालाना आयोजन में अध्यक्ष बी.के. मिश्रा ने कहा कि वेटरंस इंडिया राष्ट्र की हर समस्या के समाधान में योगदान देने को तत्पर है। हमारे लिए व्यक्ति नहीं राष्ट्र सर्वोपरि है। हम खेलों के माध्यम से न केवल स्वस्थ राष्ट्र के संकल्प को पूरा करने को प्रतिबद्ध हैं बल्कि देश की आवाम में राष्ट्रवाद और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने को भी दिन-रात एक करने को तैयार हैं। वेटरंस इंडिया हर क्षेत्र की समस्या को लेकर फिक्रमंद है। हम महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी नई क्रांति लाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं।

श्री मिश्रा ने कहा कि खेलों से न सिर्फ मनोरंजन होता है बल्कि इनसे शारीरिक स्फूर्ति भी आती है। खेल हमें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करते हैं। इसलिए खेलों के महत्व को समझने हुए हमें राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की कोशिश करनी चाहिए। अध्यक्ष मिश्रा कहते हैं कि खेलों में जीत वही प्राप्त करते हैं जोकि नियमित रूप से अभ्यास करते हैं, ध्यान लगाते हैं एवं अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।

वेटरंस इंडिया के महासचिव डा. अशोक लेंका का कहना है कि खेल मनुष्य के आज को तो बेहतर बनाते ही हैं, साथ ही उसके भविष्य का बेहतर निर्माण भी करते हैं। खेल हमारे अंदर अनुशासन के साथ-साथ देशभक्ति की भावना भी जागृत करते हैं। खेलों से व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक क्षमता में इजाफा होने के साथ ही उसमें सामाजिकता का भी भाव भी पैदा होता है। डा. लेंका ने वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग से जुड़े हर शख्स का आह्वान किया कि जो बच्चे खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं, हमें उनको प्रोत्साहित करना चाहिए और उनका पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के प्रति रुचि के निर्माण में भी मदद करनी चाहिए क्योंकि खेल कई तरीकों से हमारे जीवन को सुखद एवं उन्नत बनाने का काम करते हैं।

डा, लेंका ने कहा कि खेलों को लेकर हमारे समाज में जागरूकता आ रही है, इसमें वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग को जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है। हम ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर देश को खेल महाशक्ति बनाने का अनुकरणीय कार्य कर सकते हैं। खेल हमें कई बीमारियों से बचाने के साथ ही हमारे अंदर सकारात्मक विचार लाते हैं। वेटरंस इंडिया की जहां तक बात है इसके महासचिव डा. अशोक लेंका हर क्षेत्र के विशेषज्ञों को संस्था में समाहित कर समाज के सामने एक नजीर स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स