खेल जगत को हमेशा खलेगी खेल सितारों की कमी

चेतन चौहान, चुन्नी गोस्वामी, डीन जोन्स, डिएगो माराडोना, कोबी ब्रायंट नहीं रहे  
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
कोरोना संक्रमण वैसे तो 2020 में हर इंसान की जान का दुश्मन साबित हुआ लेकिन इससे हजारों खिलाड़ी भी संक्रमित हुए। दुख उन सितारों की मौत का है जोकि हमेशा के लिए खेल जगत से विदा हो गए। साल 2020 किसी के लिए भी आसान नहीं रहा। कोरोना वायरस संक्रमण का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है। वैसे तो यह साल सभी मायनों में निराशाजनक रहा। उधर, खेलों के लिहाज से भी यह साल अच्छा नहीं रहा, क्योंकि खेल जगत ने कुछ बड़े सितारों को खोया है जिनकी कमी हमेशा खलेगी।
चेतन चौहानः टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का 16 अगस्त, 2020 को 73 साल की उम्र में निधन हो गया। कोरोना से संक्रमित चौहान का निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ था। वह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे और वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। चेतन चौहान अपने जमाने के प्रतिष्ठित बल्लेबाजों में शामिल रहे। भारत के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने 40 टेस्ट मैचों में 2084 रन बनाए और उनका सार्वाधिक स्कोर 97 रहा। इसके अलावा उन्होंने सात वन-डे अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले थे। करियर में बिना शतक लगाए दो हजार रन बनाने वाले वह दुनिया के पहले क्रिकेटर थे।
चुन्नी गोस्वामीः चुन्नी गोस्वामी के पास वह सब कुछ था जो एक खिलाड़ी अपने पास होने का सपना देखता है लेकिन कुछ ही लोगों के पास ऐसी नैसर्गिक ऑलराउंड प्रतिभा होती है जो उन्हें भारत के सबसे महान खिलाड़ियों की सूची में जगह दिलाती है। ऐसे ही थे चुन्नी गोस्वामी। 30 अप्रैल, 2020 को 82 वर्ष की उम्र में चुन्नी दा दुनिया को छोड़ गए। छह फीट लम्बे सुबीमल गोस्वामी या 'चुन्नी दा' आखिरी भारतीय कप्तान थे जिन्होंने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की अगुआई की। वह ओलम्पियन के अलावा प्रथम श्रेणी क्रिकेट टीम के कप्तान भी रहे थे।
डीन जोन्सः 24 सितम्बर 2020 को पूर्व ऑस्ट्रेलियाई धुरंधर बल्लेबाज डीन जोंस की असामयिक मौत हो गई। आईपीएल के लिए स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम का हिस्सा रहे जोंस को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें नहीं बचाया जा सका। 1980 और 90 के दशक में उन्हें दुनिया का बेस्ट बल्लेबाज माना जाता था। उन्होंने 52 टेस्ट मैचों में 46.55 की औसत से 3,631 रन बनाए। उन्होंने 164 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में 6,068 रन बनाए। उन्होंने वनडे में सात शतक और 46 अर्धशतक लगाए।
डिएगो माराडोनाः दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार और 1986 विश्व कप में अर्जेंटीना की जीत के नायक डिएगो माराडोना का 25 नवम्बर 2020 को निधन हो गया। पेले के साथ दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलरों में गिने जाने वाले माराडोना 60 वर्ष के थे। वह लम्बे समय से वह बीमार चल रहे थे। मृत्यु से कुछ दिन पहले ही उनके ब्रेन की सर्जरी हुई थी।
कोबी ब्रायंटः पांच बार के एनबीए चैम्पियन और दो बार ओलम्पिक गोल्ड जीतने वाले बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबी ब्रायंट का निधन 26 जनवरी, 2020 को हुआ था। बास्केटबॉल के इतिहास में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी माना जाता है। लीजेंड कोबी ब्रायंट और उनकी 13 वर्षीय बेटी की हेलीकॉप्टर क्रैश में मृत्यु हुई थी। बता दें कि इस दुर्घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चला है, क्योंकि हेलीकॉप्टर में ब्लैक बॉक्स नहीं था।

रिलेटेड पोस्ट्स