अकादमी के घुड़सवारों ने जीते तीन स्वर्ण सहित आठ पदक

जूनियर राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल। दिल्ली के आर्मी पोलो रायडिंग सेंटर पर खेली जा रही जूनियर राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को आठ पदक दिलाए हैं। इनमें तीन स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन ग्रुप वन जम्पिंग व्यक्गितगत स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी भोलू परमार ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। ग्रुप वन जम्पिंग के टीम इवेन्ट में भी अकादमी के घुड़सवारों ने एक स्वर्ण पदक अर्जित किया। टीम में अर्जुन मलैया, भोलू परमार, ज्योति और मोहम्मद हमजा आकिल शामिल थे। प्रतियोगिता के अंतर्गत ग्रुप टू ड्रेसाज टीम स्पर्धा में भी अकादमी के खिलाड़ी अर्जुन सिंह, अविक और मान्या ने एक स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। जबकि व्यक्तिगत स्पर्धा में अर्जुन सिंह ने कांस्य पदक अर्जित किया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज खेले गए ग्रुप वन ड्रेसाज की व्यक्तिगत स्पर्धा में भोलू परमार ने मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया जबकि टीम स्पर्धा में भोलू परमार और ज्योति ने रजत पदक अर्जित किया। इसी तरह प्रतियोगिता के ग्रुप टू जम्पिंग टीम इवेन्ट में भी अर्जुन सिंह और कृष्णा जोशी ने रजत पदक प्राप्त किया। मध्य प्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक कैप्टन भागीरथ ने बताया कि दिल्ली में 30 दिसम्बर तक चलने वाली जूनियर राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में अकादमी के नौ बालक और पांच बालिकाओं सहित 14 खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स